कठुआ। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की कठुआ इकाई ने सिविल सचिवालय जम्मू के बाहर कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज की कड़े शब्दों ने निंदा की है। उन्होंने रोष जताते हुए जम्मू-कश्मीर प्रशासन का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी भी की।
उन्होंने मांग की है कि 12वीं कक्षा में जम्मू-कश्मीर राज्य शिक्षा बोर्ड की ओर से प्रमोट किए गए 4500 विद्यार्थियों के लिए कॉलेजों दाखिले के लिए सीटों की संख्या बढ़ाई जाए। इसके लिए उन्होंने केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से भी मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। प्रदर्शन कर रहे प्रदेश संयुक्त सचिव मयंक भगोत्रा ने कहा कि उपराज्यपाल के शासन में विद्यार्थियों की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन कर रहे और विद्यार्थियों के हक की आवाज उठा रहे अभाविप कार्यकर्ताओं को निशाना बनाते हुए सिविल सचिवालय जम्मू के बाहर लाठीचार्ज किया गया, जो निंदनीय है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के हक के लिए अभाविप पहले भी आवाज उठाती रही है और भविष्य में भी उठाती रहेगी।