धोलियां जटां में बेरोजगारी दिवस मनाते यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता।
- फोटो : KATHUA
कठुआ। बेरोजगार युवाओं ने वीरवार को शहीदी चौक कठुआ में जन जागृति मंच (जेजेएम) के बैनर तले सरकार की युवा विरोधी नीतियों और बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शकारियों ने आरोप लगाया कि जम्मू-कश्मीर की भाजपा इकाई ने युवाओं को गुमराह किया। वादा किया कि विशेष स्थिति के कारण जम्मू में सभी विकास रुके हुए हैं, लेकिन अनुच्छेद 370 हटाने के बाद विकास का कोई संकेत नहीं है। कहा कि बढ़ती बेरोजगारी के कारण जम्मू के युवा गंभीर अवसाद में हैं। कठुआ में युवाओं ने जुमला नहीं, जबाब दो, रोजगार दो या मार दो के नारे लगाए। जेजेएम के अध्यक्ष गिन्नी आजाद ने केंद्र सरकार की नीतियों पर प्रहार करते कहा कि जिस तरह से मोदी सरकार देश में और विशेष रूप से जम्मू में लोकतांत्रिक आवाजों को कुचल रही है, उसका विरोध करते हैं। गिन्नी ने कहा कि युवा विरोधी नीतियां और बढ़ती बेरोजगारी पूरे देश और विशेष रूप से जम्मू को एक बड़े संकट की ओर ले जा रही है। सरकार को युवाओं और अर्थव्यवस्था की दयनीय स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। बेरोजगारी और आर्थिक संकट जैसे जरूरी मुद्दों से बहस को भटकाना नहीं चाहिए।
युकां ने बेरोजगारी दिवस मनाकर जताया रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
हीरानगर। यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वीरवार को बेरोजगार दिवस मनाया। हाथों में तख्तियां लेकर युवाओं ने सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त किया। सीमावर्ती गांव धोलियां जटां में ‘रोजगार दो’ कार्यक्रम की अगुवाई कर रहे यूथ कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष राहुल नागला ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य देश में बढ़ती बेरोजगारी के मुद्दे को उजागर करना है। जिस प्रकार से देश में तेजी से बेरोजगारी बढ़ रही है, युवाओं में रोष बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री बनने से पहले नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं से वादा किया था कि हर साल दो करोड़ युवाओं को नौकरी देंगे, लेकिन वास्तविकता यह है कि के युवा विरोधी नीतियों के चलते 14 करोड़ लोग बेरोजगार हो गए हैं। रोजगार न मिलने से पढ़े-लिखे युवा परेशान हैं। महंगाई तेजी से बढ़ रही है। जीडीपी पाताल में जा चुकी है। सरकार की गलत नीतियों के चलते यह सब हो रहा है। इस मौके पर अंकुश शर्मा, सुनील वर्मा, सनी कुमार, अमन मेहरा आदि शामिल रहे। उधर, डींगा अंब में भी यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोष प्रदर्शन किया।