चंद्रशेखर आजाद रावण पर हुए हमले का विरोध किया, सड़कों पर उतरने की चेतावनी दी
कठुआ। भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर रावण पर जानलेवा हमले को लेकर कठुआ में भीम आर्मी के सदस्यों ने रोष प्रदर्शन किया। जिला सचिवालय के बाहर नारेबाजी कर प्रदर्शन करते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि यूपी में जंगलराज चल रहा है और कानून व्यवस्था ठप हो चुकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि हमलावरों को जल्द नहीं पकड़ा गया तो जम्मू-कश्मीर के हर जिले में भीम आर्मी सड़कों पर उतरेगी।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे भीम आर्मी, भारतीय एकता मिशन के प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार लोनी ने बताया कि चंद्रशेखर आजाद रावण पर गोलियां चलाई गईं। उन्होंने कहा कि उस आवाज को दबाने का प्रयास किया गया है जो समाज के दबे-कुचले लोगों की बात करता है। संविधान को साथ लेकर चलता है। कहा कि यह पहला मामला नहीं है इससे पहले भी उन्हें निशाना बनाने का प्रयास किया जा चुका है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।
लोनी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का दावा है कि गुंडा माफिया को मिट्टी में मिला दिया गया है तो ऐसे में जो गोलियां चलाकर भागे यह कौन थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में जंगल राज शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि वे नहीं चाहते कि भाईचारा खराब हो ऐसे में जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
वहीं गुरु रविदास सभा के महासचिव लोकनाथ ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद रावण पर हुआ हमला निंदनीय है। डबल इंजन की सरकार कहती है यूपी में सब नियंत्रण में है। मगर गुंडागर्दी पहले से भी ज्यादा बढ़ चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कोर्ट में गरीब लोगों को मार दिया जाता है, रास्ते चलते मार दिया जाता है। ऐसे में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है।