राशन किल्लत से परेशान छन्न अरोड़िया, धनोह, लडोली, भगवाल, खत्रयाल, दबवाल के ग्रामीणों ने उपभोक्ता मामले एवं जन वितरण विभाग का पुतला फूंक जोरदार प्रदर्शन किया। गुस्साए आधा दर्जन गांवों के ग्रामीणों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर रोष व्यक्त करते हुए लोगों की परेशानियां बढ़ाने का आरोप लगाया।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व करते हुए पंचायत के नायब सरपंच केआर रैना ने कहा कि तीन महीने से राशन नहीं मिलने के कारण लोग परेशान हो चुके हैं। अब चौथा महीना भी शुरू हो गया है लेकिन अभी तक लोगों को समस्याएं है।
उन्होंने कहा कि राशन डीलर राशन नहीं उठा रहे हैं। ऐसे में विभाग को चाहिए कि वह ठीक से काम करवाएं। राशन कार्ड बनाने में भी कई तरह की अनियमितताएं बरती हुई हैं।
ऐसे में लेाग हर तरफ से परेशान हो गए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग ने अपनी कार्य प्रणाली में सुधार नहीं किया तो आंदोलन को उग्र करने को मजबूर हो जांएगे। प्रदर्शनकारियों में पंच शाम सिंह ने कहा कि लोग इस समय बुरी तरह से परेशान हो चुके हैं, लेकिन किसी ने सुध नहीं ली है।
अगर कुछ नहीं हुआ तो आंदोलन को उग्र करेंगे। प्रदर्शनकारियों में जैमल सिंह, अंकुश शर्मा, राम पाल, राजेश कुमार, पूरन चंद, बलबीर चंद, कालीदास, थुड़ राम सहित कई अन्य उपस्थित थे।