सार्वजनिक कुएं पर अतिक्रमण किए जाने से आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार को जमकर प्रदर्शन किया। जन जागृति मंच के बैनर तले चक देसा सिंह के ग्रामीणों ने जिला सचिवालय के बाहर नारेबाजी भी की।
उन्होंने आरोप लगाया है कि गांव के एक कुएं पर कुछ लोग अतिक्रमण करने की कोशिश कर रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है तत्काल मामले की जांच किए जाने के साथ ही इस पर रोक लगाई जानी चाहिए।
शहर से सटे गांव चक देसा सिंह के ग्रामीणों ने जन जागृति मंच के बैनर तले बुधवार को जिला सचिवालय के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों में शामिल मंच के प्रधान संजय कुमार, नायब सरपंच कर्ण कुमार ने बताया कि गांव के सार्वजनिक कुएं पर कुछ लोगों द्वारा जबरन कब्जा करने की कोशिश की जा रही है जिसकी एवज में निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है। लोगों ने कहा कि राजस्व विभाग के अधिकारियों की मिली भगत से ऐसा चल रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यदि सड़कों पर उतरने की जरूरत पड़ी तो वो इसके लिए भी तैयार हैं। इसके बाद उन्होंने अपनी समस्या जिला उपायुक्त को भी बताई जिस पर उचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए जिला उपायुक्त ने तहसीलदार को निर्देश जारी कर दिए हैं। ऐसे में ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। इस मौके पर योगराज, अर्जुन, सुरेश आदि शामिल रहे।