संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। लर्निंग टेंपल इंग्लिश मीडियम हाई स्कूल में पुलवामा के बलिदानी जवानों को श्रद्धांजलि देने के साथ मातृ-पितृ पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सामूहिक रूप से बलिदानी जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। वहीं, विद्यार्थियों ने माता-पिता का पूजन कर उनका आशीष प्राप्त किया।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम वर्ष 2019 को पुलवामा आतंकी हमले में बलिदान हुए 42 सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। भारत माता की जय व वंदे मातरम् के नारों के साथ शुरू हुए कार्यक्रम के दौरान हाथ में तिरंगे लिए हुए छात्रों व अध्यापकों ने मोमबत्तियां जलाकर देश के इन वीर जवानों को नम आंखों से याद किया। विशेष रूप से उपस्थित जिले के मुख्य शिक्षा अधिकारी मंगत राम शर्मा ने कहा कि देश प्रेम सबसे बड़ा धर्म है, सबसे पहले देश है बाकी सब उसके बाद है।
उन्होंने विद्यार्थियों से रूबरू होते हुए कहा कि हमें इस बात का एहसास होना चाहिए कि किस प्रकार देश के जवान हमारी रक्षा में तत्पर रहते हैं। वहीं, स्कूल के चेयरमैन इंजीनियर नरेश कुमार ने कहा कि यह जवान हमारे देश के प्रति अमिट प्रेम और समर्पण का प्रतीक हैं जो अपनी वीरता का परचम लहराते हुए सीमाओं की रक्षा करने के लिए अपने परिवार से कोसों दूर रहकर अपनी सेवाएं देते हैं, ताकि हम अपने परिवार के साथ सुरक्षित रह सकें।
इसके उपरांत स्कूल परिसर में मातृ-पितृ पूजन दिवस मनाया गया। इसमें शामिल हुए 120 अभिभावकों का बच्चों ने पूजन करते हुए प्रण लिया कि हम अपने माता-पिता की सेवा और उनके सम्मान को बनाए रखने के लिए वह सदैव तत्पर रहेंगे। कार्यक्रम में जब बच्चों ने अपनी माता और पिता की आरती उतारी तो उनकी आंखों में खुशी के आंसू झलक उठे।
विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति के साथ जोड़ने के लिए किए जाने वाले प्रयास की जिला मुख्य शिक्षा अधिकारी ने सराहना की। उन्होंने कहा कि मौजूदा में जहां मोबाइल ने बच्चों और अभिभावकों के बीच की दूरी बढ़ा दी है वहीं, आज का यह दिवस इस ओर एक सार्थक कदम है।