संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। मरम्मत कार्य को लेकर शुक्रवार से बंद की गई रेलवे क्रॉसिंग ने आम जनता की परेशानी बढ़ा दी है। इस वजह से घाटी औद्योगिक क्षेत्र में आने वाले भारी वाहनों के चालकों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
दरअसल शुक्रवार रात बुद्धि गांव में ट्राले की टक्कर से गांव की एक दुकान क्षतिग्रस्त हो गई जिसके बाद लोगों ने गांव से गुजरने वाले भारी वाहनों की आवाजाही को रोक दिया। ग्रामीणों के इस कदम से ट्रक चालकों की परेशानी बढ़ गई है। समस्या के बारे में नगरोटा गांव के पूर्व सरपंच विक्की शर्मा ने बताया कि रेलवे क्रॉसिंग के बंद होने के बाद सभी वाहनों को वाया बुद्धि हाईवे से निकाला जा रहा है। एक गांव के लिए बनाए गए लिंक मार्ग पर अब घाटी, पंदराड और नन्नन पंचायत के लोगों के वाहनों का भार बढ़ा है। इसके साथ घाटी औद्योगिक क्षेत्र में आने वाले भारी वाहनों भी इसी रास्ते का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया था।
उन्होंने बताया कि बीती रात गांव से रास्ते गुजरते हुए एक ट्राले की टक्कर लगने से रवि कुमार शर्मा की दुकान क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, वाहनों की बढ़ती संख्या से पैदल चल पाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने छोटे वाहनों को तो आने-जाने की इजाजत दी है, लेकिन भारी वाहनों की आवाजाही को रोक दिया है। ताकि और कोई दुर्घटना न हो।