कठुआ। बनी में हिमाचल से सटी संदरुण पंचायत के खब्बी इलाके में शनिवार को बादल फटने के बाद पहुंची रेस्कयू टीमों ने रविवार सुबह प्रभावित इलाके से तीन परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। बादल फटने के बाद पानी के साथ आए मलबे में दबी बीस भेड़-बकरियों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि बाकी की तलाश की जा रही है। घटना में किसी भी व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचा है।
रविवार सुबह थाना प्रभारी शाहनवाज गिरी की देखरेख में पुलिस टीम ने अन्य विभागों के साथ मिलकर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद तीन परिवारों को इलाके से रेक्सयू कर निचले रिहायशी इलाकों में लाया गया है। टीम ने जहां परिवार के सदस्यों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली, और घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धारू राम, माशु राम और सुखदेव के लगभग 70 मवेशी शनिवार दोपहर खब्बी फाटकां, कलरोड़ इलाके के पास नाले के किनारे चर रहे थे। अचानक बादल फटने के बाद बाढ़ आ गई और सभी मवेशी इसकी चपेट में आ गए। मोबाइल नेटवर्क से कटे इस इलाके में बादल फटने की घटना के बाद हादसे की जानकारी पुलिस को शाम के वक्त मिली। जिसके बाद पुलिस, पशुपालन विभाग की टीमें मौके पर रवाना की गईं।
बनी के थाना प्रभारी शाहनवाज गिरी ने बताया कि तीन परिवार, जो ढोंक में मवेशियों को चराने गए थे, उन्हें बादल फटने की घटना के बाद इलाके से सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। बीस भेड़-बकरियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।