कठुआ। टोल प्लाजा से वाहनों को छूट मामले में लखनपुर टोल प्लाजा प्रबंधन और नगर कमेटी आमने-सामने आ गए हैं। टोल प्रबंधन ने जहां नेताओं को जारी मुफ्त मासिक पास देने के लिए दो टूक मना कर दिया हैं। वहीं, नगर कमेटी लखनपुर अब वैकल्पिक रूट तैयार कर स्थानीय लोगों को टोल से राहत देने की बात कर रही है। नगर कमेटी के अध्यक्ष का दावा है कि लोगों को राहत दिलाने के लिए वैकल्पिक रूट को अगले दो-तीन दिन में तैयार कर दिया जाएगा।
मामले ने तब तूल पकड़ा जब टोल प्लाजा प्रबंधन ने मुफ्त मासिक पास हासिल करने वाले नेताओं के नाम सार्वजनिक कर दिए। इसमें डीडीसी सदस्य डॉ. श्वेता और नगर कमेटी लखनपुर के अध्यक्ष रवींद्र शर्मा सीटू के साथ-साथ कई नेताओं और सरपंचों के नाम की सूची भी दिखाई गई है। आरोप लगाया कि कुछ नेता रिश्वत भी लेते रहे हैं, जिसे नई व्यवस्था के साथ बंद कर दिया गया है।
-----
यह है मामला ?
लखनपुर में हाईवे फीस टोल प्लाजा से कठुआ पंजीकृत वाहनों को छूट दिलाने के नाम पर नेताओं और जनप्रतिनिधियों पर लोगों के हित का ही सौदा करने का आरोप लगा है। टोल प्रबंधन की मानें तो मासिक स्तर पर मिलने वाले 500 से अधिक पास इन नेताओं की बोलती बंद करवाने के लिए इनकी झोली में डाले जा रहे थे। जब तक पास मिलते रहे, तब तक कोई नहीं बोला, लेकिन जैसे ही लखनपुर में टोल प्रंबधन का ठेका बदला, नेताओं को पास मिलने कम हुए और इनके सुर भी बदल गए। जेके08 पंजीकृत वाहनों को लखनपुर टोल प्लाजा से छूट दिलाने के लिए बैठकों का दौर शुरू हुआ तो वहीं लोगों के दर्द को जगाने का भी प्रयास किया गया। लेकिन इससे पहले ही जनता एक बार फिर गुमराह होती, पूरे मामले में टोल प्रबंधन के खुलासे ने नेताओं के सफेद चोलों पर काली स्याही पोत दी है।
------
लोगों को दिखाए सब्जबाग, रसूख
वालों को जारी हो गए मुफ्त पास
लखनपुर टोल प्लाजा से बीस किलोमीटर के दायरे में पंजीकृत कोई भी वाहन 285 रुपये की मासिक फीस चुकाकर पास हासिल कर सकता है। लेकिन आरोप है कि अपने रुतबे और जनता के भरोसे का सौदा नेताओं ने ऐसा किया कि लखनपुर में नगर कमेटी के अध्यक्ष के नाम पर सौ से ज्यादा मासिक पास फ्री जारी किए गए हैं। मुफ्त में जारी पास की सूची में डीडीसी सदस्य कीड़ियां गंडियाल का नाम भी है। जिला सचिवालय कठुआ से लेकर महानपुर, थीन, बसंतपुर और जिले के अन्य क्षेत्रों के कई रसूख वाले लोगों को इस मुफ्त पास का लाभ दिलाया गया। लेकिन आम लोगों को कठुआ पंजीकृत वाहनों की छूट के सब्जबाग ही दिखाए गए। इतना ही नहीं टोल प्रबंधकों के साथ बैठक कर बाकायदा लिंक मार्ग पर अवरोधक लगाया गया, ताकि बड़े वाहन इस मार्ग से न गुजर सकें। जिसका आसपास की पंचायत के लोगों ने विरोध भी जताया था, लेकिन टोल प्रबंधन की मानें तो इस अवरोधक की एवज में लखनपुर और जिले के कई सफेदपोशों को मुफ्त मासिक पास देकर खुशामद की गई। नई व्यवस्था जहां पास की संख्या कम हुई, वहीं नेताओं के तेवर भी बदल गए।
.............
चौधरी पावर प्रोजेक्ट्स लिमिटेड ने 84 करोड़
68 से अधिक में लिया है साल का ठेेका
लखनपुर टोल प्लाजा से टोल वसूली का ठेका 22 अक्टूबर, 2021 से एक साल के लिए चौधरी पॉवर प्रॉजेक्ट्स लिमिटेड के नाम जारी किया गया है। इसके लिए बाकायदा हाईवे प्राधिकरण और चौधरी पावर प्रोजेक्ट्स के बीच 84 करोड़ 68 लाख 45 हजार 625 रुपये का करार हुआ है। टोल प्रबंधक अशोक कुमार ने बताया कि कठुआ पंजीकृत वाहनों के लिए छूट का न तो कोई आदेश है और न ही होने की उम्मीद है। बीस किलोमीटर दायरे के लिए 285 रुपये का मासिक पास है। लखनपुर टोल प्लाजा से 50 के लगभग मिनी बसों को छूट है। 500 से अधिक मासिक पास मुफ्त पास जारी किए गए हैं। लखनपुर नगर कमेटी के प्रधान रवींद्र शर्मा सीटू के साथ अन्य नेताओं की ओर से पास हासिल किए गए। उन्हें कहा गया कि पार्षदों और अपने वाहनों की सूची दी जाए। लेकिन धीरे-धीरे यह संख्या बढ़ती चली गई। डीडीसी सदस्य को भी लखनपुर टोल प्लाजा से पास जारी किए जाते रहे हैं। पांच से छह सौ मुफ्त पास किए जाते रहे। इनमें कई पास चंबा, दिल्ली हरियाणा, पंजाब पंजीकृत वाहनों को जारी किए गए हैं जो कतई सही नहीं है। हमारी कंपनी न तो किसी को रिश्वत देती है और न ही देगी।
..............
लखनपुर टोल प्लाजा में जिला विकास परिषद के चेयरमैन से लेकर सदस्यों और लखनपुर नगर कमेटी को मिलने वाले फ्री पास साफ दर्शाते हैं कि भाजपा ने आम लोगों के हित का सौदा कर दिया है। टोल प्लाजा एक्शन कमेटी के खिलाफ बल प्रयास किया गया, आंदोलन को दबाने का प्रयास किया गया। इन नेताओं की चुप्पी उसी समय से संदेह के घेरे में थी। भाजपा के कई और एजेंट भी टोल प्लाजा की इस मिलीभगत में शामिल हैं। जनता को इन नेताओं की असलियत पता चलना शुरू हो गई है।
पंकज डोगरा, जिला अध्यक्ष कांग्रेस
..............
टोल प्रबंधन की ओर से कुछ पास जारी किए जाते थे, जिसको व्यवस्था में लगे कर्मचारियों और आसपास की पंचायतों के प्रतिनिधियों को दे दिया जाता था। टोल प्लाजा नगर कमेटी की हद में है, कई वार्ड में जाने के लिए टोल प्लाजा को पार करना पड़ता है। रिश्वतखोरी से लेकर कई पास उनके नाम पर जारी करने के आरोप बेबुनियाद हैं। कठुआ पंजीकृत वाहनों को लखनपुर टोल प्लाजा से छूट के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए नगर कमेटी लिंक मार्ग की अगले कुछ ही दिन में मरम्मत करवा देगी। टोल प्रबंधन की बदसलूकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
- रवींद्र शर्मा सीटू, अध्यक्ष नगर कमेटी लखनपुर
...........
टोल प्रबंधन की ओर से पूर्व में कुछ पास उन्हें जारी किए जाते रहे हैं। उनकी कुछ पंचायतें टोल के दायरे में आती हैं। जहां के लोगों को आवाजाही के लिए टोल प्लाजा से होकर गुजरना पड़ता है, ऐसे में ये पास उन्हें दिए गए थे। हाल में टोल प्रबंधन की ओर से कोई भी पास जारी नहीं किया जा रहा है।
डॉ. श्वेता, डीडीसी सदस्य, कीडियां गंडियाल