श्री अमरनाथ यात्रा की तैयारियों को लेकर सजाया गया लखनपुर काॅरिडोर। संवाद
- फोटो : kathua
- जलशक्ति विभाग ने लखनपुर में बैरिकेडिंग और लॉजिंग सेंटरों में पेयजल सप्लाई की संभाली जिम्मेदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। तीन जुलाई से शुरू होने जा रही श्री अमरनाथ यात्रा को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिले में स्थापित होने वाले लॉजमेंट सेंटरों के अलावा लखनपुर कॉरिडोर में पेयजल को लेकर व्यवस्था अगले कुछ दिनों में सुनिश्चित कर दी जाएगी। जलशक्ति विभाग लखनपुर कॉरिडोर में स्थापित होने वाले यात्रा सुविधा केंद्र में भी बैरिकेडिंग समेत अन्य इंतजाम सुनिश्चित करेगा।
यात्रा को लेकर जून के दूसरे पखवाड़े से इंतजामों में तेजी आ जाएगी। इस बार किए जाने वाले इंतजामों की कड़ी में सबसे पहले जलशक्ति विभाग ने कमान संभाली है। रावी पुल के नजदीक ट्रक यार्ड में स्थापित होने वाले श्री अमरनाथ यात्री सुविधा केंद्र के लिए पानी की सप्लाई सुनिश्चित करने का काम पहले ही पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा व्यवस्थाओं के तहत आरएफआईडी केंद्र और अन्य काउंटरों के बाहर पाइपलाइन से बैरिकेडिंग भी विभाग की ओर से ही करवाई जाएगी।
बीते साल सरकार ने लखनपुर में 12 आरएफआईडी काउंटरों को चौबीस घंटे संचालित किया था। जिले में बीते साल चिह्नित 36 लॉजमेंट सेंटरों में 12,500 यात्रियों के ठहरने के लिए प्रबंध किए गए थे। इस बार अतिरिक्त इंतजामों से पहले पूर्व निर्धारित लॉजमेंट सेंटरों में पेयजल की सप्लाई लाइनों को काम भी अगले कुछ दिन में पूरा कर लिया जाएगा। जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे के आसपास यात्रियों की सुविधा के लिए सरकार की ओर से इंतजाम किए जाते हैं। किसी भी तरह की स्थिति में यात्रा रुकने पर भक्तों का इन्हें लॉजमेंट सेंटरों में रोककर सुविधाएं सुनिश्चित की जाती हैं।
...........
श्री अमरनाथ यात्रा को लेकर तैयारियां शुरू की गई हैं। लखनपुर कॉरिडोर में स्थापित होने वाले यात्रा सुविधा केंद्र की बैरिकेडिंग और लॉजमेंट सेंटरों में पेयजल सुविधा को लेकर व्यवस्थाएं यात्रा शुरू होने से पहले ही सुनिश्चित कर ली जाएंगी।
- गिरधारी लाल गुप्ता, कार्यकारी अभियंता, जलशक्ति विभाग कठुआ