आर्द्रभूमि दिवस 2025 पर जीडीसी कठुआ में पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। राजकीय डिग्री कॉलेज में आर्द्रभूमि दिवस 2025 पर पर्यावरण विज्ञान विभाग की ओर से ''हमारे साझा भविष्य के लिए आर्द्रभूमि की रक्षा करना'' विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने अपने पोस्टरों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और स्थिरता में आर्द्रभूमि के महत्वपूर्ण पर जोर दिया।
प्रो. सीमा मीर के मार्गदर्शन में रावी इको क्लब एनएसएस इकाइयों के सहयोग से प्रतियोगिता आयोजित हुई। पर्यावरण विज्ञान विभाग के प्रमुख प्रो. अरविंद कुमार ने विद्यार्थियों को आर्द्रभूमि के महत्व के बारे में जानकारी दी। बताया कि आर्द्रभूमि किस प्रकार प्राकृतिक जल फिल्टर के साथ विविध प्रजातियों के लिए आवास प्रदान करने के अलावा जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करती है। वहीं, प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय कदम उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने टिकाऊ भविष्य के लिए आर्द्रभूमि की रक्षा के लिए सामूहिक कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया। इस तरह की पहल विद्यार्थियों में पर्यावरण जागरूकता और जिम्मेदारी को बढ़ावा देती है तथा प्रकृति के भविष्य के संरक्षक के रूप में उनकी भूमिका को मजबूत करती है। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका में डॉ. यश पॉल शर्मा (एचओडी, उर्दू), डॉ. कुलबीर सिंह (एचओडी, गणित) और डॉ. प्रीतिमा सांगरा शामिल रहे। नितिका वर्मा, खुशबू मेहरा और तन्वी शर्मा ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। जबकि रिया शर्मा और हिना शर्मा को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. हिलाल अहमद डार और डॉ. अंजलि देवी की देखरेख में किया गया।