- अब तक करीब 35 लोगों पर लगाया जा चुका है पीएसए
- खानपुर में थाना दिवस के दौरान लोगों को एसएसपी ने दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
हीरानगर। चिट्टा (हेरोइन) और पशु तस्करी के खिलाफ जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से प्राथमिकता पर काम किया जा रहा है। जिले में इस वर्ष के चार महीनों में 100 तस्करों पर पब्लिक सेफ्टी एक्ट (पीएसए) लगाने का लक्ष्य रखा गया है। 35 लोगों पर पीएसए लगाया जा चुका है। बेहतर होगा कि तस्कर ऐसे काम छोड़ दें, अन्यथा उनका भविष्य अंधेरे में है।
यह बात एसएसपी शोभित सक्सेना ने मढ़ीन तहसील के गांव खानपुर में आयोजित थाना दिवस के दौरान कही। थाना दिवस के दौरान क्षेत्र की समस्याओं को पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखने का मौका दिया गया तो लगभग सभी लोगों ने पशु तस्करी और इलाके में बढ़ते चिट्टे का मुद्दा उठाया। लोग बोले कि क्षेत्र में चिट्टे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है और इसे बेचने वाले नए-नए युवाओं को अपने जाल में फंसा रहे हैं जिससे इलाके के लोग परेशान हैं। इन पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि लोगों के बच्चे सुरक्षित रहें।
इस पर एसएसपी ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि नशा तस्करी और पशु तस्करी पर शिकंजा कसा जा रहा है। नशे को समाज से खत्म करने के लिए पुलिस को लोगों के सहयोग की बेहद जरूरत है। लोगों के सहयोग के बिना इसे खत्म करना नामुमकिन है। इसलिए लोग जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए इलाके में इस तरह की गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें। उन्होंने कहा इस तरह की जानकारी देने वाले लोगों की पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी।
उन्होंने चिट्टा और पशु तस्करों को चेतावनी देते हुए कहा कि वह इस तरह के काम को बंद कर दें अन्यथा पुलिस अब उन्हें छोड़ने वाली नहीं है। इस मौके पर एसडीपीओ बॉर्डर धीरज कटोच, राजबाग थाना प्रभारी अजय चिब, मढ़ीन चौकी प्रभारी स्वर्ण सिंह, पूर्व सरपंच सुदर्शन खजूरिया, सामाजिक कार्यकर्ता गगनदीप आदि भी मौजूद रहे। वहीं, हीरानगर थाने में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।