कठुआ। श्री अमरनाथ यात्रा के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारी जोर-जोर से जारी है। इस यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए जम्मू कश्मीर पुलिस ने सक्रियता तेज कर दी है। पुलिस के आला अधिकारियों ने रविवार को जिला पुलिस लाइन में जिला पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक के दौरान डीजीपी नलिन प्रभात, आईजीपी भीमसेन टूटी और डीआईजी शिव कुमार शर्मा ने प्रदेश के प्रवेश द्वार लखनपुर सहित कूटा मोड तक हाईवे की सुरक्षा पर गहन चर्चा की। इस मार्ग पर भक्तों की सेवा के लिए लगने वाले लंगरों और आपात स्थिति में बाबा बर्फानी के भक्तों को रोकने के लिए बनाए जाने वाले आश्रय स्थलों पर सुरक्षा के प्रबंध की जानकारी दी गई। इस दौरान आलाअधिकारियों ने एसएसपी शोभित सक्सेना के साथ पूर्व में यात्रा के दौरान सुरक्षा के प्रबंधों की जानकारी लेकर इस बार उसे और बेहतर बनाने की तैयारी की।
आगामी तीन जुलाई से शुरू हो रही इस यात्रा के दौरान सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए जिले में अर्धसैनिक बलों की टुकड़ियों के आने का क्रम शुरू हो गया है जिन्हें आने वाले दिनों में जम्मू कश्मीर पुलिस के साथ विभिन्न स्थानों पर तैनात किया जाएगा। बैठक में एसडीपीओ बाॅर्डर सहित हाइवे के साथ लगने वाले थाना के प्रभारी और एसएसपी ट्रैफिक भी मौजूद रहे।