- कठुआ पुलिस ने घाटी क्षेत्र में दी दबिश, तीन घंटे चले ऑपरेशन के दौरान चप्पा-चप्पा खंगाला
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। दो दिन पूर्व नशे के हाॅट स्पॉट कुल्लियां में दबिश के बाद पुलिस ने घाटी औद्योगिक क्षेत्र से सटे इलाके में वीरवार को छापामारी की। पुलिस ने जहां 20 लीटर शराब बरामद की वहीं दो हजार लीटर लाहन को भी मौके पर ही नष्ट कर दिया।
अभियान के दौरान अवैध शराब के धंधे में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है इनमें दो पूर्व मामलों में वांछित भगोड़े शामिल हैं। पुलिस ने इस अभियान के दौरान गांव और आसपास के इलाके में बनाई गई अवैध शराब की भट्ठियों को भी नष्ट कर दिया। वीरवार को घाटी क्षेत्र में पुलिस की सुबह हुई दबिश से हड़कंप मच गया। पुलिस टीमों ने घाटी के आसपास के खड्ड के इलाके में बड़े पैमाने पर अभियान चलाया। इस दौरान कई जगह पर अवैध रूप से तैयार की जा रही लाहन का भी भंडाफोड़ हुआ। टीम ने लगभग तीन घंटे के ऑपरेशन के दौरान चप्पा-चप्पा को खंगाला। इसके बाद रिहायशी इलाके में भी तलाशी ली गई।
पुलिस ने राजेश निवासी घाटी तहसील और जिला कठुआ को गिरफ्तार किया जो घाटी और पीएस कठुआ के आसपास के इलाकों में अवैध शराब बेचने में शामिल था। जांच के दौरान उसके कब्जे से लगभग 20 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। इस संबंध में एफआईआर 360/2024 में 48 (ए) आबकारी अधिनियम के तहत पीएस कठुआ में मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
वहीं, दो भगोड़ों को गिरफ्तार किया गया जिनकी पहचान मोहम्मद अस्लम पुत्र अब्दुल रहीम निवासी मेहताबगढ़ वर्तमान निवासी घाटी और जरीना उर्फ गुड्डी पत्नी अद्रीस खान निवासी घाटी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों एफआईआर 31/2021 में आईपीसी की धारा 336/323/504/34 के तहत वांछित थे। पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री मामले में गोपाल दास उर्फ बोडू और देव राज उर्फ देवी दयाल निवासी घाटी को भी गिरफ्तार किया है।