- बिलावर में दो लोगों की हत्या का मामला, मृतकों के परिवारों को मुआवजा राशि व नौकरी देने की मांग
- विधायक के आश्वासन पर धरना खत्म किया, मंडली चौक पर एक घंटे सड़क जाम रखी
संवाद न्यूज़ एजेंसी
बिलावर। उपपमंडल में हुई दो लोगों की हत्या को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। लोगों ने सोमवार को शवों को सड़क पर रखकर यातायात जाम कर दिया। दोपहर लगभग 12:30 बजे मृतकों के परिजन और कोहग गांव के निवासियों ने मंडली चौक पर प्रदर्शन किया और पीड़ित परिवारों को मुआवजा राशि व घर के एक सदस्यों को नौकरी देने की मांग की।
बता दें कि कोहग गांव के शमशेर चंद और रोशन लाल के शव रविवार की सुबह बाथरी गांव में मिले थे। दोनों शनिवार की शाम को घर से तरड़ी की सब्जी निकालने के लिए जंगल की तरफ गए थे जिनकी गला घोंट कर हत्या कर दी गई थी। उधर, लगभग एक घंटे के लिए प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम रखी जिस वजह से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शन की सूचना पाकर एडीसी बिलावर और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और नाराज लोगों को समझाने की कोशिश की लेकिन प्रदर्शनकारी सड़क पर डटे रहे। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पीड़ित परिवारों को मुआवजा राशि और नौकरी दी जाए।
उन्होंने बताया कि मृतक शमशेर चंद मजदूरी करता था और उसकी एक साल की बच्ची है। उसका पालन-पोषण कौन करेगा। साथ ही उसके वृद्ध माता-पिता भी बेटे पर ही निर्भर थे। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। वहीं, मृतक रोशन लाल भी मजदूरी का काम करता था जिसके दो नाबालिग लड़के हैं। रोशन लाल की मौत होने से परिवार पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने कहा कि सरकार ने अभी तक हत्या में शामिल दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया है।
दोपहर लगभग एक बजे विधायक सतीश शर्मा मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाया जाएगा और रेडक्रॉस की तरफ से दोनों मृतकों के परिजन को एक-एक लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया और दोनों शवों को अंतिम संस्कार के लिए उज्ज दरिया की तरफ लेकर चले गए।
लगभग एक घंटे तक धार सड़क पर यातायात अवरुद्ध रहने से अपने गंतव्य की तरफ आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम खुलने पर लोगों ने राहत की सांस ली।