संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिले के बनी कस्बे के निवासियों ने आवासीय क्षेत्र में स्थित शराब की दुकान हटाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस दुकान के कारण क्षेत्र में सामाजिक समस्याएं बढ़ रही हैं और परिवारों के लिए असुरक्षित माहौल बन रहा है।
वरिष्ठ नागरिक ठाकुर दास ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि शराब की दुकान के कारण युवाओं में नशे की लत बढ़ रही है। यह दुकान शहर के बीचोबीच स्थित है, जिससे आसपास के घर, स्कूल और अन्य शैक्षणिक संस्थान प्रभावित हो रहे हैं। यहां ठेके के चलते स्कूल जाने वाले बच्चों पर बुरा असर पड़ रहा है। महिलाओं व आम नागरिकों के लिए असुरक्षित माहौल बन रहा है। उत्तम चंद गोस्वामी ने कहा कि दिन-ब-दिन नशा बढ़ता जा रहा है, इस पर लगाम लगाने की जरूरत है। अगर समय रहते इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो आने वाली पीढ़ी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से आग्रह किया है कि शराब की दुकान किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यह पहली बार नहीं है जब किसी आवासीय क्षेत्र से शराब की दुकान को हटाने की मांग उठी हो। कठुआ और जम्मू-कश्मीर के अन्य हिस्सों में भी इस तरह के विरोध प्रदर्शन होते रहे हैं।
बनी के विधायक डॉ. रामेश्वर सिंह ने इस मुद्दे पर कहा कि शराब की दुकान सिर्फ शिफ्ट नहीं, बल्कि पूरी तरह बंद हो जानी चाहिए, ताकि समाज से शराब जैसी लत की बुराई को खत्म किया जा सके। उन्होंने प्रशासन से इस पर तुरंत कार्रवाई करने की मांग की।