बिलावर। उपमंडल मुख्यालय से सटे रूरल पंचायत के कई मोहल्लों में मोबाइल सिग्नल न होने के कारण इलाके के करीब 3000 लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बिलावर रूरल पंचायत के निवासी ओंकार चंद, प्रेम कुमार, बरकत अली, प्रमोद सिंह और अन्य लोगों ने बताया के पंचायत के रिया, टांडी, बख्तपुर, टगोंड, जाननु, पेना बेज और अन्य कई मोहल्लों के लोगों को मोबाइल सिग्नल हासिल करने के लिए अपने मोहल्लों से करीब एक किलोमीटर ऊपर पहाड़ी पर जाकर मोबाइल सिग्नल हासिल होता है, जिससे लोग बड़े परेशान हैं। उन्होंने कहा कि जब भी किसी से मोबाइल पर कोई संपर्क करना चाहता है तो खासी दिक्कतें उठानी पड़ती है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार इस संबंध में सरकार को अवगत करवा चुके हैं, लेकिन आज तक किसी ने भी समस्या का समाधान नहीं किया। इलाके के कई अन्य लोगों ने बताया कि मौजूदा दौर में किसी भी प्रकार का काम करना हो तो मोबाइल सिग्नल की जरूरत रहती है। वहीं, मोबाइल सिग्नल न होने से इलाके के कई विद्यार्थी ऑनलाइन पढ़ाई करने से वंचित रह रहे हैं। रूरल पंचायत के लोगों ने सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द पंचायत में किसी सरकारी जगह को चिह्नित करके मोबाइल टॉवर स्थापित किया जाए, जिससे मोबाइल सिग्नल की समस्या से लोगों को राहत मिल सके। लोगों ने इस संबंध में संबंधित विभाग से जल्द से जल्द संज्ञान लेने की मांग की है।