पंजाब के खननकर्ताओं के खिलाफ प्रदर्शन करते लोग । संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। जम्मू कश्मीर पंजाब की सरहद पर रावी दरिया में बड़े पैमाने पर पंजाब के अवैध खननकर्ताओं पर अवैध खनन करने का आरोप लगाते हुए बेड़ियां पत्तन इलाके के लोगों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए बड़ा जुर्माना लगाया जाए, ताकि प्रदेश की संपदा की अंधाधुंध दोहन रोका जा सके।
प्रदर्शनकारियों में शामिल रॉबिन ने कहा कि रावी दरिया में पंजाब के अवैध खनन करने वाले लोगों की सक्रियता इस कदर बढ़ चुकी है कि क्षेत्र के लोगों का जीना तक मुश्किल हो गया है। जम्मू कश्मीर की सरहद में आकर बड़े बड़े गड्ढे मशीनों से खोद दिए गए हैं, ताकि यह लोग प्रदेश की सीमा में खनन कर भाग सकें। बताया कि पुलिस की ओर से लगातार निगरानी रखी जा रही है और पंद्रह दिन के भीतर दूसरी बड़ी मशीन को पकड़ा गया है, लेकिन छोटा मोटा जुर्माना चुकाने के बाद इन्हें मुक्त कर दिया जाएगा। जबकि नुकसान का पैमाना इससे कई सौ गुणा अधिक रहता है। प्रदर्शनकारियों में शामिल राजेंद्र कुमार ने बताया कि अवैध खनन के लिए दरिया में बनाए गए गड्ढों में डूबकर कई लोग मर चुके हैं। बताया कि उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों को यहां से खनन सामग्री सप्लाई की जा रही है, जबकि नुकसान जम्मू कश्मीर का किया जा रहा है। मांग की गई है कि इन्हें ज्यादा से ज्यादा जुर्माना किया जाए।