अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। रेलवे बोर्ड ने सितंबर 2026 का वेतन 25 सितंबर को अग्रिम रूप से जारी करने के निर्देश दिए हैं। यह फैसला 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल के मद्देनजर लिया गया है। रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे, उत्पादन इकाइयों, मेट्रो रेलवे, आरडीएसओ और अन्य संबंधित इकाइयों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
रेलवे बोर्ड के निदेशक निदेशक (श्रम एवं कल्याण) पीयूष कपासी ने संबंधित आदेश वीरवार को जारी किया है। बताया गया है कि केंद्रीय वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग की ओर से जारी निर्देशानुसार केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों के साथ औद्योगिक कर्मचारियों के सितंबर माह के वेतन और केंद्रीय सरकारी पेंशनरों की पेंशन भी 25 सितंबर को अग्रिम रूप से वितरित की जा सकती है। यह भुगतान अग्रिम माना जाएगा और पूरे माह की वास्तविक देय राशि निर्धारित होने के बाद आवश्यक समायोजन किया जाएगा।
आदेश में यह भी कहा गया है कि हड़ताल की अवधि चालू तिमाही के अंतिम दिनों से मेल खा रही है। ऐसे में सितंबर के अंत में होने वाले अन्य भुगतान और बैंकिंग लेन-देन भी जहां संभव हो, पहले ही निपटाने को कहा गया है, ताकि किसी तरह की देरी या व्यवधान से बचा जा सके। कर्मचारियों को कोई आर्थिक दिक्कत न हो।
-