कस्बे में पार्किंग की समस्या का समाधान करने का काम शुरू कर दिया गया है। वीरवार को नगरपालिका समिति के अध्यक्ष विजय शर्मा ने कार्यालय के सामने पार्किंग के लिए चयनित जगह की सफाई का काम शुरू करवाया। बताया कि करीब 16 कनाल जमीन को चयनित किया गया है। पहले पूरी जमीन को समतल किया जाएगा, जो भी अवैध कब्जे होंगे उन्हें भी हटाया जाएगा। उसके बाद यहां 15 से 18 लाख रुपयों की लागत से नींव भरकर तारबंदी, मिट्टी डालने का काम कराया जाएगा।
अध्यक्ष ने बताया कि पार्किंग स्थल पर चौकीदार के लिए एक कमरा, लाइटों की व्यवस्था भी की जाएगी। जमीन तैयार होते ही इस पर तेजी से काम किया जाएगा। इसके बनने से तहसील कार्यालय, एसडीएम कार्यालय और नगर पालिका समिति कार्यालय आने वाले लोगों को सड़क किनारे गाड़ी पार्क करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे कस्बे में लगने वाले जाम से भी मुक्ति मिलेगी।