- चक सोना नुपा में इसी महीने बनकर तैयार हो जाएगा पंचायत घर, 90 प्रतिशत निर्माण हुआ मुकम्मल
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। नए वित्त वर्ष में चक सोना नुपा को नया पंचायत घर मिल जाएगा। लगभग बीस साल बाद ग्रामीणों का सपना पूरा होने जा रहा है। 29 लाख 40 हजार की लागत से तैयार हो रहे नए पंचायत घर का 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य मार्च से पहले ही मुकम्मल होने की संभावना है।
इससे न केवल ग्रामीण विकास को संजीवनी मिलेगी, बल्कि ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं भी मिल पाएंगी। नए पंचायत घर में पंचायत सचिव कार्यालय सहित चार कमरों के अलावा रसोई घर का ढांचागत निर्माण पूरा हो चुका है। खड़कियां और दरवाजे लगाने सहित बिजली व्यवस्था और रंग-रोगन का कार्य शेष बचा है। लगभग 20 साल पूर्व पंचायत परिसीमन के बाद यह पंचायत चक देसा सिंह पंचायत से अलग होकर नई बनी थी।
पंचायत बनने के कई सालों तक यहां पंचायत घर की सुविधा नहीं थी। इसका मुख्य कारण पंचायत घर निर्माण के लिए उचित भूमि नहीं मिलना रहा। गत वर्ष इस समस्या का हल कर ग्रामीण विकास विभाग ने नवंबर में पंचायत घर का निर्माण शुरू करवाया जो लगभग पूरा हो चुका है। उम्मीद जताई जा रही है कि नए वित्त वर्ष की शुरुआत से ही नई इमारत में पंचायत घर का संचालन शुरू हो जाएगा।
बता दें कि मौजूदा वित्त वर्ष के शुरुआत में ब्लॉक कठुआ के चक सोना नुपा सहित जंगलोट के दो अन्य पंचायत घरों को बनाने की अनुमति सरकार की ओर से दी गई थी। लेकिन भूमि उपलब्ध न होने से तीनों पंचायत घरों का निर्माण लटका हुआ था। चक सोना नुपा का पंचायत घर तो तैयार हो जाएगा, जबकि जंगलोट की दो पंचायतों में अभी भी भूमि उपलब्ध नहीं हो पाई है।
कोट...
भूमि उपलब्ध होने के बाद से चार महीने में 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष काम मार्च में पूरा कर लिया जाएगा। उम्मीद है कि नए वित्त वर्ष की शुरुआत से ही इस पंचायत घर का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
-सुरेश कुमार, जूनियर अभियंता, ग्रामीण विकास विभाग कठुआ।