बाख्ता में खरीद केंद्र शुरू करवाते विधायक राजीव जसरोटिया
जिले के कंडी क्षेत्र के किसानों काे अब सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ मिलेगा। इसके लिए बाख्ता गांव में भारतीय खाद्य निगम की ओर से धान खरीद मंडी की स्थापना की गई। मंगलवार को विधायक जसरोटा जसरोटिया ने मंडी का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इससे इलाके की 35 से अधिक पंचायतों के हजारों किसानों को धान खरीद मंडी के साथ पंजीकरण-सह-सुविधा केंद्र का लाभ मिलेगा।
इस मौके पर जसरोटिया ने कहा कि यह केंद्र किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान बेचने की सुविधा देगा। जहां सामान्य धान के लिए 2,369 रुपया प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान के लिए 2,389 रुपये प्रति क्विंटल लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल बिचौलियों की भूमिका को समाप्त कर किसानों को सीधे लाभ पहुंचाएगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देगी। उन्होंने कृषि विभाग और भारतीय खाद्य निगम से अपील की कि वे केंद्र की कार्यप्रणाली को सुचारू और पारदर्शी बनाएं तथा किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और पंजीकरण-सह-सुविधा केंद्र का पूरा लाभ मिले।
विधायक ने बताया कि उनकी ओर से पंचायत स्तर पर बैठकों, पोस्टरों और सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है ताकि हर किसान एमएसपी और मंडी की प्रक्रिया से भलीभांति परिचित हो सके। उन्होंने कहा कि यह मंडी इलाके के किसानों के लिए समृद्धि की नींव बनेगी। अब किसानों की मेहनत का सम्मान होगा और उन्हें उनका हक मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्य कृषि अधिकारी कठुआ जितेंद्र खजूरिया, एसडीएओ अश्वनी शर्मा, बीडीओ बरनोटी सूरज सिंह, एईई पीडब्ल्यूडी महेश, एईई पीएचई हिमांशु, एक्सईएन फ्लड कंट्रोल कठुआ अभिनीष कुमार, पूर्व सरपंच शिवदेव सिंह, बलवंत सिंह, रणदीप सिंह सहित कई अन्य भी मौजूद रहे।