विश्व उच्च रक्तचाप दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से कठुआ स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय और जिले के सभी मेडिकल ब्लॉकों में विश्व उच्च रक्तचाप दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष के लिए तय थीम अपने रक्तचाप को सटीक रूप से मापें, इसे नियंत्रित करें और लंबे समय तक जीएं के साथ आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम के दौरान आम लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय रैना और जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. उत्तम चंद के मार्गदर्शन में पूरे जिले में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने उच्च रक्तचाप की शीघ्र पहचान और प्रबंधन पर जागरूकता सत्र आयोजित किया।
उच्च रक्तचाप नियंत्रण में सक्रिय दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। साथ ही जिले भर में स्क्रीनिंग गतिविधियां करवाई गईं। वहीं, शैक्षणिक संस्थानों के कर्मचारियों के लिए जागरूकता सत्र करवाए गए। उच्च रक्तचाप की शीघ्र पहचान के महत्व को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा अधिकारी कार्यालय कठुआ, महात्मा गांधी अस्पताल और जिले के सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों की स्क्रीनिंग की गई।