नगरी सहित आसपास के देवी मंदिरों में शारदीय नवरात्र के दौरान भारी भक्त भीड़ उमड़ी। भक्तों ने माता के कुष्मांडा स्वरूप की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिरों में सुरक्षा और भंडारे की भी विशेष व्यवस्था रही।
शारदीय नवरात्र के चौथे दिन वीरवार को देवी मंदिरों में माता के कुष्मांडा स्वरूप की आराधना की गई। बड़ी संख्या में भक्तों ने माता के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं भक्तों के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
विज्ञापन
नगरी स्थित माता बाला सुंदरी मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। स्थानीय भक्तों के अलावा पड़ोसी राज्य पंजाब से बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचे थे। इसके चलते मंदिर में माता के दर्शन के लिए काफी भीड़ देखने को मिली। यहां दिन भर भक्तों द्वारा लगाए जाने वाले माता के जयकारे से पूरा मंदिर गूंजता रहा। लखनपुर स्थित किले वाली माता मंदिर, सहार स्थित चंद्रिका माता मंदिर, शहर के मुख्य बाजार स्थित माता आशापूर्णी मंदिर और जसरोटा स्थित काली माता के दरबार में दिन भर भक्तों का मेला लगा रहा।
मंदिरों में आने वाले भक्तों की सेवा के लिए जहां दिन भर मंदिर कमेटी के सेवादार लगे रहे। वहीं मंदिर परिसरों में लगे भंडारे में भक्तों को ताजा भोजन परोसने में कोई कमी नहीं छोड़ी गई। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे।