- उपमंडल बिलावर के कोटी से सटे इलाकों में बावलियों या अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी ला रहे ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलावर। कोटी, काला डब्बर,जाननु, जनोता और अन्य गांवों में पिछले सात दिनों से पेयजल आपूर्ति प्रभावित है जिस वजह से इस ग्रामीण क्षेत्र की 5000 से अधिक आबादी को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पेयजल की किल्लत की वजह से इन इलाकों के लोगों को गांव में स्थित बावलियों या अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है। पूर्व पंच जोगेंद्र सिंह, सुनील सिंह, अशोक सिंह, रेणु देवी और कुशला देवी ने बताया कि समस्या के बारे में कई बार जल शक्ति विभाग को अवगत करवाया गया लेकिन समस्या हल नहीं हुई। लोगों को लगभग दो किलोमीटर चलकर प्राकृतिक स्रोतों से पानी घर लाना पड़ रहा है।
बताया कि उनके इलाकों के लिए ग्रेविटी के माध्यम से पेयजल आपूर्ति उपलब्ध करवाई जाती है जो पिछले सात दिनों से ठप पड़ी है। लोगों ने मांग की है कि टैंकरों के माध्यम से उन्हें जल आपूर्ति उपलब्ध करवाई जाए ताकि उन्हें राहत मिल सके।
कोट....
बारिश न होने की वजह से मुख्य स्रोत में पानी की कमी है जिस कारण समस्या पेश आ रही है। जल्द ही समस्या का समाधान करवाया जाएगा।
-सुरेंद्र सिंह, संब्याल, एईई, जल शक्ति विभाग।