लापता किशोरों की तस्वीर दिखाते परिजन। संवाद
- दिन बढ़ने के साथ-साथ बढ़ रही परिवार के सदस्यों की चिंता
संवाद न्यूज एजेंसी
हीरानगर। मढ़ीन तहसील की हरदो मुट्ठी ग्राम पंचायत से लापता दो किशोरों का 13वें दिन भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। हालांकि पुलिस लगातार तलाश में जुटी हुई है। इलाके में तलाशी अभियान भी चलाए जा रहे हैं। जैसे-जैसे दिन बढ़ रहे हैं परिजन की चिंता भी बढ़ती जा रही है।
लापता किशोर रहमत अली की मां पुआ से जब बात की तो उनका दर्द आंखों से आंसू बनकर छलक पड़ा। उसने कहा कि रमजान माह को लेकर रोजे चल रहे हैं और पूरा परिवार घर पर है लेकिन उसका बेटा और भाई दीन मोहम्मद उसकी आंखों के सामने नहीं हैं। पिछले 13 दिनों से उनके लौटने का इंतजार कर रही हूं। न भूख है न प्यास है। बस एक ही बात का डर है कि कोई बुरी खबर न सुनने को मिले। इसलिए पूरा परिवार दुआ कर रहा है। पिता मक्खनदीन ने बताया कि जालंधर-लुधियाना तक बेटे और साले की तलाश कर चुके हैं, अब खुदा की रहमत का ही इंतजार है।
उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी लगातार उनसे संपर्क कर रहे हैं और दोनों बच्चों को तलाशने का आश्वासन दे रहे हैं। लेकिन जब तक दोनों घर नहीं लौट आते, चैन नहीं मिलेगा। परिवार से मिलने पहुंचे स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता नवजोत सिंह ने कहा कि बच्चों का लापता होना चिंता का विषय है। जिस तरह से जिले में कुछ घटनाएं सामने आई हैं उससे हर कोई परेशान है। हाल ही में बिलावर में एक बरात में शामिल तीन लोग पहले लापता हुए और उसके बाद उनके शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। इसी तरह के माहौल को देखकर लापता किशोर के परिजन और क्षेत्र के लोग भी सहमे हुए हैं।