महानपुर के सवार में लोहाई मल्हार वारदात को लेकर रोष जताते लोग
कठुआ। बिलावर के लोहाई मल्हार इलाके में हुई घटना के विरोध में महानपुर क्षेत्र के करणवाड़ा में स्थानीय युवाओं ने रोष रैली निकाली और प्रदेश सरकार से पहाड़ी क्षेत्र की सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाने की मांग की।
इस दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि लोहाई मल्हार क्षेत्र में जिस तरह से तीन निर्दोष लोगों की हत्या की गई है वे मानवता पर हमला है, इसकी जितनी निंदा की जाए कम है। जिले का बिलावर, बसोहली और महानपुर का इलाका हमेशा से पूरी तरह से शांत क्षेत्र रहा है। जहां आज खौफ का माहौल है। उन्होंने सरकार से क्षेत्र की सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करने के साथ विलेज डिफेंस गार्ड को और मजबूत करने की मांग की। उन्हें आधुनिक हथियारों से लैस करने, पहाड़ी क्षेत्र में जिन लोगों के बंदूकों के लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं हुआ है, उसकी प्रक्रिया शुरू करने व लोगों ने नए गन लाइसेंस देने की मांग की ताकि लोग भी अपनी सुरक्षा खुद कर पाएं। प्रदर्शन में बलबीर सिंह, अशोक वर्मा, सोनू कुमार, पिंकू जलमेरिया, सोहनप्रीत सनवाल, भूषण सिंह, माखन सिंह के अलावा कई अन्य युवा भी शामिल रहे।