पिछले तीन साल से पर्याप्त पानी के लिए तरस रहे पटियाड़ी के ग्रामीणों को पिछले पंद्रह दिनों से बिना पानी के रहना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मंगलवार को जिला उपायुक्त को समस्या से अवगत करवाया। ग्रामीणों ने कहा कि पानी के लिए उन्होंने कई बार विभाग को भी कहा, लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ।
ग्रामीणों का नेतृत्व कर रहे सोमराज मजोत्रा ने कहा कि पिछले तीन सालों से ग्रामीणों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा था। गांव का ट्यूबवेल पिछले तीन सालों से बंद है, लेकिन विभाग को बार-बार कहने के बाद भी अस्थायी हल किया गया। पिछले पंद्रह दिनों से वह भी बंद हो गया। अब तो पानी ही नहीं है।
ग्रामीण सुभाष सिंह ने बताया कि पहले विभाग तीन से चार दिन के बाद पानी का टैंकर भेज देता था, लेकिन पिछले पंद्रह दिनों से टैंकर भी नहीं आ रहा है। विभाग को कहा गया तो विभाग ने दो दिन बाद टैंकर भेजने के लिए कहा, लेकिन पंद्रह दिन बीत जाने के बाद भी पानी नहीं आया।
उन्होंने कहा कि अगर पानी नहीं मिलता है तो उन्हें मजबूरन उग्र रुख अपनाना पड़ेगा। बलवीर सिंह, बेलीराम, दर्शना देवी, पूजा आदि प्रदर्शन में शामिल रहे। विभागीय अधिकारी गोपाल शर्मा ने पूछने पर बताया कि ट्यूबवेल जिस जगह बनाया गया वहां भूजल का स्तर कम हो गया है। जिससे ट्यूबवेल से पानी सप्लाई नहीं हो पा रहा है।