कठुआ। नववर्ष के स्वागत को लेकर कठुआ जिला उत्साह और उमंग से सराबोर दिखा। शहर से लेकर कस्बों तक होटल, रेस्त्रां और मंदिरों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। कहीं लोग गायकी की शाम का आनंद लेते दिखे तो कहीं परिवार संग बैठकर स्वादिष्ट व्यंजनों और केक काटकर नए साल का स्वागत किया गया।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरनोटी स्थित होटल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया जहां पंजाब के मशहूर बैंड मास्टर यूनाइटेड ब्रदर्स ने प्रस्तुतियों से समां बांधा। होटल और रेस्त्रां में डीजे की धुन पर लोग देर रात तक थिरकते रहे और नववर्ष का उल्लास मनाया। कई स्थानों पर एडवांस बुकिंग के चलते होटल पूरी तरह खचाखच भरे रहे।
धार्मिक स्थलों पर भी नववर्ष की पूर्व संध्या को लेकर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुकराला माता मंदिर में जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें गायक नरोत्तम सुम्बड़िया और चैन सिंह ने मधुर भजनों से भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। शहर के रामलीला मैदान में सत्संग सुन लोगों ने नए साल का स्वागत किया।