वेतन, डीए जारी करने की मांग पर पिछले दिनों प्रदर्शन के बाद बुधवार को हुई बैठक बेनतीजा रही। नगर परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी व सफाई कर्मचारियों के बीच हुई बैठक के दौरान किसी भी पक्ष की बात पर सहमति नहीं बन पाई।
कर्मचारी जहां वेतन देने की मांग पर अड़े रहे तो अधिकारी पैसा न होने की बात कहते रहे। लिहाजा सफाई कर्मचारी यूनियन ने 11 दिसंबर से हड़ताल की चेतावनी कायम रखी।
सफाई कर्मचारी यूनियन के नेता सावन चीदा ने कहा कि पिछले दिनों प्रदर्शन करने के बाद अधिकारियों ने स्वयं ही उन्हें बुधवार को बैठक के लिए बुलाया था, लेकिन उनके द्वारा रखी गई मांग पर उन्होंने पहले जैसे आश्वासन ही दिए।
उन्होंने कहा कि डीए और वेतन देने के लिए नगर परिषद को करीब 28 लाख रुपये खर्च करने होगे। इसके साथ ही 230 कर्मचारियों को पक्का करने के लिए भी नगर परिषद को कागजी कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने कहा कि यदि सभी का वेतन जारी नहीं किया जा सकता है तो केवल डीए और अस्थायी कर्मचारियों के दो महीने का वेतन ही जारी कर दिया जाए।
इसके लिए केवल 12 लाख रुपये का खर्च आएगा, लेकिन नगर परिषद के अधिकारी ने इस बात पर भी हामी नहीं भरी। बेनतीजा बैठक के बाद सफाई कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मांगों पर कोई गौर नहीं किया गया है।
ऐसे में वह अपनी हड़ताल की चेतावनी पर कायम हैं। 11 दिसंबर को हड़ताल की जाएगी, जिसके लिए नगर परिषद के अधिकारी जिम्मेदार होंगे।