नगर परिषद कठुआ के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के बाद होने वाला फ्लोर टेस्ट सीक्रेट बैलेट से होगा। सोमवार को दोपहर 12 बजे सभी पार्षदों की विशेष बैठक बुलाई गई है। इसमें तय हो जाएगा कि नरेश शर्मा और रेखा कुमारी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पद पर आसीन रहते हैं या नहीं।
उधर, बागी पार्षदों में से तीन को पार्टी की जिम्मेदारियों से हटाने के बाद भाजपा भी अब बैकफुट पर नजर आ रही है। पार्टी सूत्रों की मानें तो ऐसा रास्ता खोजा जा रहा है कि सांप भी मर जाए और लाठी भी न टूटे। इसके लिए पार्टी के पदाधिकारी सभी विकल्पों पर लगातार मंथन जारी रखे हुए हैं।
फ्लोर टेस्ट के नजदीक आने के साथ ही शहर में चर्चाओं का बाजार भी गर्म हो गया है। नगर परिषद कठुआ के कुल 21 में से 12 पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव लाया है। जिनमें से पांच सीधे भाजपा के ही हैं।
निर्दलियों की फ्लोर टेस्ट में स्थिति को लेकर बाजार में चर्चाओं का दौर जारी है कि आखिर वे किसके हक में वोट करते हैं और कुर्सी को जाने से बचाने के लिए भाजपा रविवार को क्या रूख अपनाने जा रही है।