बसोहली के एक शिक्षण संस्थान में हुई 15 वर्षीय बालक की मोत के बाद रोष व्यक्त करते परिजन
- कहा-शव देखकर लगता है हत्या की गई है, सीबीआई जांच करवाने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। बसोहली स्थित एक शैक्षणिक संस्थान में 15 वर्षीय एक किशोर की संदिग्ध मौत के लिए उसके परिजनों ने संस्थान को जिम्मेदार ठहराया है। जीएमसी कठुआ में पोस्टमार्टम के बाद शव लेने पहुंचे परिजनों में शामिल मृतक किशोर के चाचा ने कहा कि शव देखकर प्रतीत होता है कि उसकी हत्या की गई है।
कहा कि चूंकि संस्थान पुलिस के एक आला अधिकारी से जुड़ा है। लिहाजा उन्हें पुलिस की जांच पर भरोसा नहीं है। मांग की कि इसकी जांच सीबीआई से करवाई जानी चाहिए। वहीं, चड़वाल के पूर्व सरपंच सीमांत शर्मा ने कहा कि बसोहली स्थित संस्थान में उनके गांव के किशोर की जिन परिस्थितियों में मौत हुई है। उससे विद्यालय प्रबंधन शक के घेरे में है। उन्होंने कहा कि किशोर की मौत के बाद मिलने वाली जानकारी से लगता है कि वहां उसके साथ किया जाने वाला व्यवहार उचित नहीं था।
जिसका नतीजा यह है कि आज किशोर हमारे बीच नहीं हैं। उन्होंने मामले की जांच निष्पक्ष एजेंसी से करवाने की मांग की है। आपको बता दें कि रविवार देर शाम की घटना के बाद किशोर को घटना के बाद बसोहली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया था। जिसके शव का जीएमसी कठुआ में मजिस्ट्रेट की निगरानी में पोस्टमार्टम किया गया और उसके उपरांत मृतक किशोर के शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया है। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।