-मालिकों को चहारदीवारी और सफाई करवाने के निर्देश
-स्वच्छता सर्वेक्षण से पहले शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर कार्रवाई की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर की परिधि में खाली प्लॉट में जमा कचरे से निपटने के लिए नगर परिषद ने सख्ती बरतने की तैयारी कर ली है। कालीबड़ी से बाजार और हटली मोड़ से जराई चौक तक ऐसे 15 निजी प्लाट चिन्हित किए गए हैं जो कचरा डंपिंग साइट बन चुके हैं। इनके मालिकों को नगर परिषद नोटिस जारी करने जा रही है।
मालिकों को प्लॉट की सफाई करवाने और चाहरदीवारी करवाने के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। ऐसा न करने पर राजस्व, पर्यावरण और निकाय एक्ट के तहत कार्रवाई की चेतावनी भी जारी कर दी गई है। वीरवार को जिला प्रशासन के निर्देश के बाद नगर परिषद कठुआ के कार्यकारी अधिकारी ने नायब तहसीलदार और अपनी टीम के साथ शहर का दौरा किया।
इस दौरान मुख्य सड़क के किनारे 15 ऐसे प्लाॅट चिन्हित किए गए जहां चहारदीवारी न होने से यह लोगों के लिए कचरा फेंकने की जगह बन चुके हैं। निजी प्लॉट होने की वजह से नगर परिषद इनकी सफाई नहीं करवाती और प्लॉट मालिक की कोई जिम्मेदारी तय नहीं थी। ऐसे में आसपास के इलाकों से लोग भी इनमें जमकर कचरा फेंक रहे थे।
परिषद के मुताबिक प्लॉट मालिकों को नोटिस मिलने के साथ ही अपने प्लाॅट की सफाई और चाहरदीवारी सुनिश्चित करनी होगी अन्यथा जुर्माना और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। शहर में दो सौ और ऐसे प्लॉट सामने आ रहे हैं जहां खुले में कचरा फेंका जा रहा है।
नगर परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पृथ्वी राज सांगड़ा ने बताया कि शहर में ऐसे प्लॉट चिन्हित किए गए हैं जिनकी चहारदीवारी नहीं है और जहां लोग कचरा फेंक रहे हैं। इससे स्वच्छता अभियान भी सफल नहीं हो पा रहा है। नगर परिषद के कलेक्शन प्वाइंट के अलावा लोगों को निर्देश दिए गए हैं कि वे कहीं भी कचरा न फेंके।
ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं उन्होंने बताया कि मुख्य सड़क के अलावा गली मोहल्ले के कचरा प्वाइंट बन चुके निजी प्लॉट भी रडार पर हैं और उनके मालिकों को भी नोटिस दिए जाएंगे। लोगों की सुविधा के लिए कचरा कलेक्शन के लिए वाहन लगाए गए हैं। उन्हें कचरा देकर शहरवासी शुल्क अदा करें और अपना शहर के प्रति फर्ज भी निभाएं।