मनरेगा की तर्ज पर रोजगार गारंटी कार्ड बनाया जाएगा जबकि 170 रुपये प्रतिदिन मजदूरी दी जाएगी।
ब्लाक महानपुर में मनरेगा के तहत सौ दिन का रोजगार पूरा करने के बाद वर्ष 2015-16 का मेहनताना मजदूरों को न मिलने से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार ब्लाक कार्यालय में चक्कर काटने के बाद भी मजदूरों को कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिल रहा है।
स्थानीय मजदूर मदनलाल, कृष्णचंद, तरसेम लाल, उत्तम चंद, शिव कुमार, अशोक कुमार आदि ने बताया कि वर्ष 2015-16 में उन्होंने सौ दिनों का रोजगार पूरा किया था। लेकिन अब तक उन्हें उस मजदूरों के मिलने वाले मेहनताना उनके खाते में नहीं आया है।
वह कई बार ब्लाक अधिकारियों और कर्मचारियों से इस संबंध में पूछ चुके हैं। उन्होंने कहा कि मेहनताना न मिलने के कारण उन्हें भारी दिक्कतों से दो चार होना पड़ रहा है।
बच्चों की स्कूल फीस, घर खर्च के साथ साथ अन्य सभी खर्च के लिए पैसों की जरूरत होती है लेकिन जब उनके मेहनत के लिए मिलने वाली राशि ही नहीं मिलेगी तो वह किस प्रकार गुजर बसर करेंगे। उन्होंने बताया कि जब भी वह अधिकारियों से इस संबंध में बात करते हैं तो पैसे न होने की बात कही जाती है। उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि जल्द से जल्द राशि जारी की जाए, ताकि उन्हें उनका मेहनताना मिल सके।