कठुआ। डोडा के विधायक और पीएसए (लोक सुरक्षा अधिनियम) के तहत कठुआ जेल में बंद मेहराज मलिक को बुधवार को रूटीन स्वास्थ्य जांच के लिए जीएमसी (सरकारी मेडिकल कॉलेज) कठुआ लाया गया। लगभग आधे घंटे तक चिकित्सकीय जांच के बाद पुलिस विधायक को लेकर जेल चली गई। इस दौरान विधायक के चेहरे के हाव-भाव सामान्य दिखाई दिए।
पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे कठुआ पुलिस कड़े सुरक्षा घेरे में मेहराज मलिक को लेकर अस्पताल पहुंची। इस दौरान जीएमसी कठुआ में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे और किसी को भी उनके पास जाने की अनुमति नहीं थी। विधायक के हाथों में हथकड़ी लगी थी लेकिन उनके चेहरे के हाव-भाव सामान्य दिखाई दे रहे थे।
सिटी थाना प्रभारी संदीप चिब ने बताया कि मेहराज मलिक को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए लाया गया था और बड़े उपकरणों से उनके स्वास्थ्य की जांच की गई। बता दें कि डोडा से विधायक मेहराज मलिक को आठ सितंबर को पीएसए के तहत गिरफ्तार किया गया था और कड़ी सुरक्षा के बीच कठुआ जेल भेजा गया था।
भद्रवाह मार्ग से बनी, बसोहली से अटल सेतु पार कर पंजाब के रास्ते उन्हें कठुआ लाया गया था। आठ सितंबर की देर शाम उनकी कड़ी सुरक्षा के बीच जीएमसी कठुआ में स्वास्थ्य जांच की गई थी। इसके बाद सुरक्षा घेरे में जिला जेल भेज दिया गया था।