- बर्फबारी के बाद जिले के पहाड़ी इलाकों में पड़ रही कड़ाके की सर्दी
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिले के पहाड़ी इलाकों में कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू हो गया है। ढग्गर और सरथल में न्यूनतम तापमान जहां माइनस पांच डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है वहीं सुबह ओस की बूंदें भी जमना शुरू हो गई हैं।
सोमवार को हुई ताजा बर्फबारी के बाद भी सामान्य जनजीवन मंगलवार को भी प्रभावित रहा। बनी कस्बे और आसपास के रिहायशी इलाकों में लोग अलाव सेंकने को मजबूर होने लगे हैं। सोमवार को हुई सरथल, ढग्गर, भुलडी, डंडी गुट्टू, रौलका के इलाको में बर्फबारी के बाद मौसम खुलने के साथ ही सर्दी ने और जोर पकड़ लिया। बनी कस्बे में दुकानें जहां शाम सात बजे ही बंद होने लगी हैं। वहीं इसके बाद लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सूरज ढलने के बाद जिंदगी एकाएक ठहरने लगी है। बीआरओ की ओर से बनी-भद्रवाह मार्ग पर काम को एक बार फिर बहाल कर दिया गया है।
पारा लुढकने के साथ दिक्कतें भी बढ़ती जा रही हैं। बीआरओ का दावा है कि भारी बर्फबारी तक सरथल और आसपास के इलाकों में काम को जारी रखा जाएगा। हालांकि इसके बाद काम को चूंडा और खडकल के इलाकों में अंजाम दिया जाएगा। अगले पर्यटन सीजन तक सड़क खुलने के बाद सरथल तक सड़क पर तारकोल डालने का काम भी पूरा कर लिया जाएगा। पहाड़ी इलाकों में सर्दी बढ़ने का असर निचले इलाकों में भी दिखने लगा है। कठुआ शहर का न्यूनतम पारा चौबीस घंटे में ही चार डिग्री सेल्सियस और गिरकर 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, दिन के तापमान में भी दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।