कटली, थमनाल इलाके के लोगों ने मिनी बसों संचालकों पर निर्धारित किराए से ज्यादा वसूलने के आरोप लगाए हैं। लोगों का आरोप है कि परिवहन विभाग की ओर से प्रति किमी किराया तय किया गया है। बावजूद मिनी बस संचालक मनमानी करते हैं। लोगों की मानें तो बिलावर से कटली का किराया 30 रुपये निर्धारित है लेकिन सवारियों से 50 रुपये लिए जा रहे हैं। इसी तरह बिलावर से थमनाल का किराया 20 रुपया तय है, लेकिन बस संचालक 30 रुपये वसूल रहे हैं। इसे लेकर आए दिन बस कंडक्टर और सवारियों के बीच झड़पें होती हैं। लोगों ने परिवहन विभाग के अधिकारियों से दोनों रूटों पर औचक जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय निवासी अशोक खजूरिया, विजय कुमार, मक्खन लाल, रमेश चंद, प्रकाश चंद और रतन का कहना है कि बिलावर से कटली लगभग 19 किलोमीटर दूर है। मिनी बस संचालक इतनी दूरी के लिए सवारियों से 50 रुपया ले रहे हैं, जो परिवहन विभाग की ओर से तय किराए के अनुसार भी ठीक नहीं है। लोगों ने कहा परिवहन विभाग की ओर से बिलावर से कटली के लिए 30 रुपया किराया निर्धारित किया गया है। यानी मिनी बस संचालक 20 रुपये अधिक वसूल रहे हैं। इन लोगों का कहना है कि इस रूट पर चलने वाली मिनी बसों में किराए की सूची भी चस्पा नहीं की गई है। मनमानी बिलावर-थमनाल रूट पर भी की जा रही है। बिलावर से थमनाल की दूरी लगभग 12 किलोमीटर है और यहां का किराया 20 रुपये निर्धारित है लेकिन सवारियों से 30 रुपये लिया जा रहा है जो तय किराए से 10 रुपये अधिक है।
लोगों का कहना है कि जब भी लोग ज्यादा किराया लेने का विरोध करते हैं तो बस कंडक्टर गाली-गलौज और अभद्रता पर उतारू हो जाते हैं। किराए को लेकर बस कंडक्टर और सवारियों में झड़पें आए दिन की बात हो गई है। कंडक्टरों का कहना होता है कि बस मालिक जितना किराया लेने को कहता है वह लेते हैं। इसमें उनका कोई दोष नहीं।
मामला संज्ञान में आया है। जल्द औचक निरीक्षण किया जाएगा। अगर कोई भी मिनी बस कंडक्टर सवारियों से निर्धारित किराए से अधिक किराया वसूलता पाया जाएगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - विनय खोसला, एडीसी बिलावर