अनियंत्रित होकर खाई में गिरी मिनी बस
- फोटो : अमर उजाला
जिले की महानपुर तहसील में वीरवार सुबह हुए सड़क हादसे में ग्यारह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बिलावर से महानपुर की ओर आ रही बस पेट्रोल पंप के नजदीक खाई में गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को खाई से निकाला गया। इसके बाद उन्हें महानपुर पीएचसी में पहुंचाया गया। मिनी बस जैसे ही पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंची। विपरीत दिशा से आ रही एक बस को पास देते हुए वह अनियंत्रित हो गई।
अमूमन बिलावर से आने वाली मिनी बस कालेज मार्ग से महानपुर में दाखिल होती हैं, लेकिन सड़क की हालत खस्ता होने के चलते दूसरे मार्ग से जा रही थी। बस को पास देने के बाद जैसे ही चालक ने वाहन को आगे बढ़ाने की कोशिश की, मिनी बस बीस फुट गहरी खाई की ओर लुढ़क गई। पता चलते ही लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद मामूली घायलों को छुट्टी दे गई, जबकि दो गंभीर घायल उपचाराधीन हैं।
हादसे के बाद मिनी बस का चालक और सहचालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। घायलों में शाम लाल(50), केवल(35), अंग्रेज सिंह(50), सुरिंद्र सिंह(30), उत्तम चंद(62) निवासी कटली बिलावर, रविंद्र कुमार(50) निवासी सेरी, चरण दास(50) निवासी थडा कल्याल, सोनिका(35), नरेश कुमार(40) निवासी पलाही बसोहली, बुआ दित्ता(39) निवासी मांडली और विजय कुमार(39) निवासी परनाला शामिल हैं।