तहसील महानपुर में पड़ते गांव पलेल के वार्ड नंबर सात में कोरोना के आठ मामले आने पर एडीसी बसोहली तिलक राजथापा के निर्देश के अनुसार माइक्रो कंटोनमेंट जोन बनाया गया है। माइक्रो कंटोनमेंट जोन में आने जाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है, जबकि खाने-पीने और जरूरी चीजों आदि के लिए विशेष तौर पर अधिकारी की नियुक्ति की गई है।
अतिरिक्त जिला उपायुक्त बसोहली तिलक राज थापा ने बताया कि गांव पलेल के वार्ड नंबर सात को माइक्रो कंटेनमेंट जोन में तब्दील किया गया है। उन्होंने बताया कि थाना बिलावर को निर्देश दिए हैं कि वह माइक्रो कंटेनमेंट जोन में नाका लगाकर आने जाने वाले लोगों को रोका जाए, ताकि गांव के अन्य लोगों को संक्रमित होने से बचाया जा सके।
उन्होंने यहां पर कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है, जिसकी जिम्मेवारी नोडल ऑफिसर नायब तहसीलदार प्रेमलाल की होगी, जबकि टीएसओ बिलावर को माइक्रो कंटोनमेंट जोन में लोगों को जरूरी चीजें पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर बिलावर को माइक्रो कंटोनमेंट जोन में संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की रिपोर्ट तीन दिन के भीतर सौंपने के लिए कहा है। दूसरी ओर बीडीओ महानपुर को कहा गया है कि जल्द पलेल गांव को सैनिटाइज करवाएं। लोगों को मास्क भी उपलब्ध करवाएं।