कठुआ। संत निरंकारी मिशन की ओर से हीरानगर स्थित मुठ्ठी रकवाला सत्संग भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें मिशन से जुड़े कुल 122 सदस्यों ने रक्तदान किया। हरियाचक, दयालाचक और मढ़ीन ब्रांच के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शिविर में हिस्सा लिया।
रक्तदान शिविर का आयोजन राजकीय मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) जम्मू, जीएमसी कठुआ, उप-जिला अस्पताल नगरी और जम्मू-कश्मीर स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी के सहयोग से किया गया। इसका शुभारंभ जसरोटा के विधायक राजीव जसरोटिया ने किया। जसरोटिया ने कहा कि संत निरंकारी मिशन दशकों से इस पुण्य कार्य में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। यह एक सराहनीय कदम है। जिससे यह सुनिश्चित होता है कि रक्त की कमी के कारण किसी के जीवन का नुकसान न हो।
वहीं, संत निरंकारी मिशन जम्मू के जोनल इंचार्ज अजीत सिंह ने कहा कि यह पहल मिशन के इस विश्वास को दर्शाती है कि रक्त नालियों में नहीं, बल्कि नाड़ियों में बहना चाहिए। कहा कि रक्तदान करना मानव सेवा के सर्वोत्तम कार्यों में से एक है। इस मौके पर जीएमसी कठुआ के प्रधानाचार्य डॉ. सुरिंद्र अत्री, प्रभारी ब्लड बैंक जीएमसी कठुआ डॉ. सोनिया, ब्लड बैंक जीएमसी जम्मू से डॉ. इफा और डॉ. जुल्फिकार अहमद, संत निरंकारी मिशन संयोजक कठुआ बाबू राम सहित क्षेत्रीय संचालक सतपाल निरंकारी आदि मौजूद रहे।