- डीएफओ कार्यालय में किया संलग्न, तीन सप्ताह के भीतर जांच पूरी रिपोर्ट सौंपने को कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। पहाड़ी उपमंडल बनी मेंं लगे जनता दरबार के दौरान दुर्व्यवहार करने के चलते वन्यजीव विभाग के गार्ड पर कार्रवाई की गई है। संबंधित विभाग ने प्रभारी ब्लॉक अधिकारी रोलका और बनी अंचल सिंह पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उसे डिविजनल वन अधिकारी कार्यालय कठुआ में संलग्न किया है।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक की ओर से शनिवार को जारी आदेश के मुताबिक डिविजनल वन अधिकारी (डीएफओ) कठुआ को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीएफओ को निर्देश दिया है कि वह वन्य गार्ड के दुर्व्यवहार मामले में तीन सप्ताह के भीतर जांच पूरी करें और तथ्यात्मक रिपोर्ट विशेष सिफारिशें के साथ संबंधित विभाग को तीन सप्ताह में पेश करें। इसके अलावा विभागीय कार्यप्रणाली को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रभारी ब्लॉक अधिकारी बनी टाउन के पद पर तैनात वन रक्षक मोहम्मद शकील को रोलका वन ब्लॉक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
वहीं, प्रभारी ब्लॉक अधिकारी बांजल ज्योति प्रसाद शर्मा को अपने कार्य के अलावा बनी वन ब्लॉक का अतिरिक्त कार्यभार संभालने का आदेश जारी किया गया है।
-
यह है मामला
सूत्रों की मानें तो गत 21 फरवरी को बनी स्थित जनता दरबार लगाया गया था। इसमें प्रभारी वन अधिकारी रोलका और बनी की दरबार में मौजूद स्थानीय लोगों से साथ बहस हो गई। जिसके चलते लोगों ने इसकी शिकायत प्रदेश सरकार से की गई। मामला संज्ञान में आने के बाद प्रधान मुख्य वन संरक्षक ने आदेश जारी कर वन रक्षक अंचल सिंह के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उसे डीएफओ कठुआ कार्यालय में संलग्न कर दिया।