कठुआ। जिले में कानून व्यवस्था की स्थिति के साथ आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिला पुलिस लाइन में शनिवार को पुलिस पब्लिक मीट का आयोजन किया गया। इसमें एसएसपी रमेश चंद्र कोतवाल ने आमंत्रित लोगों से पुलिस का सहयोग करने के लिए कहा।
कार्यक्रम के दौरान लोगों ने शहर में चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश न हो पाने पर दुख जताते हुए कहा कि गत वर्ष एक के बाद एक हुई लगातार चोरियां के मामले में पुलिस अब तक सफलता हासिल नहीं कर पाई है। यह बात आम लोगों में पुलिस के प्रति अविश्वास का काम करती है। इसमें सुधार की जाने की जरूरत है।
इस मौके पर शहीद कैप्टन सुनील चौधरी के पिता कर्नल पी एल चौधरी ने कहा कि गत वर्ष उनके घर में हुई चोरी के मामले में अभी तक पुलिस सफल नहीं हो पाई है। इस घटना में उनके शहीद बेटे की कुछ निशानियां सहित उनका एक लाइसेंसी हथियार भी गायब हुआ था, जिसका आज तक कोई पता नहीं चला। उन्होंने कहा कि शहर में होने वाली इस तरह की घटनाओं को यहां के युवाओं में बढ़ते नशीले पदार्थों के प्रति मोह से जोड़ कर देखा जा सकता है, क्योंकि महंगी नशीली दवाओं के नशे में लिप्त युवा इस तरह की चोरी की घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं। इससे अपराधों में तो वृद्धि हो ही रही है, साथ ही आने वाली पीढ़ी का भविष्य खराब हो रहा है। उन्होंने पुलिस से जिले में आम लोगों की सुरक्षा को पुख्ता बनाए रखने के लिए हर तरह के प्रबंध की जाने की बात कही।
इस मौके पर अपने संबोधन में एसएसपी ने अपने पिछले तीन माह के कार्यकाल के दौरान पुलिस की कारगुजारी को लोगों के समक्ष रखते हुए कहा कि पुलिस अपनी ओर से हर संभव प्रयास कर रही है। अगर लोगों का सहयोग भी उनके साथ जुड़ जाए तो पुलिस की कार्यक्षमता बहुत ज्यादा बढ़ जाएगी।
-----------------------------------------------
बैठक में नहीं शामिल हुए भाजपाई
जिला पुलिस लाइन में हुई पुलिस पब्लिक मीट में किसी भी भाजपा नेता का शामिल न होना चर्चा का विषय बना रहा। हालांकि, पुलिस ने इस कार्यक्रम के लिए पार्टी के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों को आमंत्रित भी किया था। कार्यक्रम में शामिल होने आए कुछ लोगों ने मजाकिया लहजे में कहा कि किसी भी कार्यक्रम में मंच की तलाश में रहने वाले नेता अगर ऐसे मौके पर उपस्थित न हों तो चर्चा होना स्वाभाविक है। कार्यक्रम में शामिल न होने के बारे में भाजपा जिला प्रधान गोपाल महाजन से बात की गई तो उनका कहना था कि कार्यक्रम के लिए उन्हें पीसीआर से निमंत्रण आया था लेकिन काफी देरी से आए निमंत्रण के कारण व इसमें शामिल नहीं हो पाए। वहीं जिला विकास परिषद के उप चेयरमैन रघुनंदन सिंह बब्लू का कहना है कि गत दिनों सरदार पृथीनंदन सिंह पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में हुई पासिंग आउट परेड के दौरान जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों को आमंत्रित न किया जाना लोकतांत्रिक व्यवस्था का अपमान है। इसी के विरोध में उन्होंने कार्यक्रम में शामिल न होने का फैसला किया।