मौनी अमावस्या के अवसर पर हवन में भाग लेते भक्त। संवाद
- फोटो : kathua
पवित्र बावलियों में स्नान कर श्रद्धालुओं ने पुण्य लाभ लिया और मोक्ष की कामना की
कठुआ। मौनी अमावस्या पर जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों पर श्रद्धालुओं का भारी जमावड़ा देखने को मिला। जिले में गुप्त गंगा के नाम से प्रसिद्ध पवित्र बावलियों में श्रद्धालुओं ने स्नान कर पवित्रता और मोक्ष की कामना की।
परिवार सहित आए श्रद्धालुओं ने ऐरावती मंदिर में विराजमान भगवान शंभू का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। इस विशेष दिन श्रद्धालुओं की आस्था का नजारा देखते ही बनता था। तीर्थ स्थलों पर भक्ति का माहौल चारों ओर छाया रहा।
बुधवार सुबह से ही श्रद्धालु तीर्थ स्थलों पर पहुंचना शुरू हो गए। कठुआ जिले और साथ लगते सांबा, जम्मू के अलावा पड़ोसी राज्य पंजाब और हिमाचल प्रदेश से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। दोपहर तक मंदिर में भक्तिमयी माहौल बना रहा। इसके अलावा उन्होंने हवन-यज्ञ में परिवार सहित भाग लेकर आहुतियां दी। साथ ही मंदिर परिसर में लगे मेले का आनंद लिया। पंजाब के गुरदासपुर से आए प्रकाश चंद, तारो देवी और विमल शर्मा ने बताया कि प्रयागराज में कुंभ स्नान के लिए नहीं जा सके, इसलिए यहां स्नान करने आए हैं। स्नान के बाद उन्होंने आपशंभु का जलाभिषेक किया।
इस दौरान मंदिर कमेटी के साथ स्थानीय युवाओं ने मंदिर की व्यवस्था बनाए रखने में योगदान दिया। सेवादारों ने भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुबह 8 बजे से खोला गया भंडारा दोपहर तक जारी रहा। मंदिर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।