राजकीय डिग्री कॉलेज महानपुर में वंदे मातरम गीत के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्मार्ट क्लासरूम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित वंदे मातरम के सामूहिक गायन का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम के पूर्ण संस्करण के सामूहिक गायन से हुई। इसमें कॉलेज के स्टाफ और छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
छात्रों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना जिसमें वंदे मातरम के ऐतिहासिक महत्व और इसकी प्रेरणादायक कहानी को साझा किया गया। प्रधानमंत्री ने एक नए राष्ट्रीय पोर्टल की जानकारी दी, जहां नागरिक अपनी वंदे मातरम की प्रस्तुति रिकॉर्ड कर अपलोड कर सकते हैं। कार्यक्रम के समापन पर पुस्तकालयाध्यक्ष निशा कुमारी ने वंदे मातरम के अर्थ को सरल शब्दों में समझाया।
उन्होंने छात्रों को अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। पुस्तकालयाध्यक्ष ने अपने संबोधन का समापन वंदे मातरम के जयघोष के साथ किया, जिसमें सभी उपस्थितजन शामिल हुए। कार्यक्रम में सभी शिक्षकगण, गैर-शिक्षण कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।