-पंचायत पलासी में भाजपाइयों ने मन की बात को सुना
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। बसोहली विधानसभा क्षेत्र के विधायक ठाकुर दर्शन सिंह पंचायत पलासी के बूथ संख्या 94 एवं 95 में स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक संवाद कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सामूहिक रूप से सुना। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर कार्यक्रम के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
विधायक ने कहा कि मन की बात केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि देश को दिशा देने वाला प्रेरणास्रोत है जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का मार्ग प्रशस्त करता है। प्रधानमंत्री द्वारा बार-बार दिए जा रहे संदेश देश में बनी वस्तुओं को प्राथमिकता देने, स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहित करने और आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ने को धरातल पर उतारना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
विधायक ने कार्यकर्ताओं से विशेष रूप से आग्रह किया कि वे अपने घरों, परिवारों एवं समाज में लोगों को स्वदेशी उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित करें ताकि देश की अर्थव्यवस्था और अधिक सशक्त बन सके। उन्होंने कहा कि जब हम अपने देश के निर्माताओं, किसानों, कारीगरों और उद्यमियों का सहयोग करते हैं तभी हम वास्तव में आत्मनिर्भर भारत के सपने को पूरा करने में योगदान देते हैं।
अंत में दोनों बूथों के कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि वे प्रधानमंत्री मोदी जी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संदेश को आगे बढ़ाते हुए स्थानीय उत्पादों को घर-घर तक पहुंचाने का अभियान चलाएंगे और भारत को एक मजबूत, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।