फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kathua News: जम्मू-पठानकोट हाईवे पर अब एआई की नजर, एटीएमएस से ओवरस्पीडिंग पर लगेगी लगाम

विज्ञापन
विज्ञापन
कठुआ। जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग जल्द ही प्रदेश का पहला ऐसा हाईवे बन जाएगा जो अत्याधुनिक यातायात प्रबंधन प्रणाली (एटीएमएस) से लैस होगा। इसके लिए लखनपुर से जम्मू के बीच 10 करोड़ की एटीएमएस पर तेजी से काम किया जा रहा है। हाईवे पर एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से हादसों की वजह और ओवरस्पीडिंग पर नियंत्रण केंद्र से लगातार निगरानी की जा सकेगी।
विज्ञापन

केबल बिछाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। जल्द ही खंभे लग जाएंगे जिसके बाद इन पर हाई-डेफिनिशन (एचडी) कैमरे लगाए जाएंगे। डिवाइडर के बीचोबीच केबल बिछाने के लिए खुदाई की गई थी और अब खंभे लगाए जा रहे हैं।
सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) यह सिस्टम स्थापित कर रहा है। 10 करोड़ रुपये की लागत से जम्मू से विजयपुर के बीच 34 किलोमीटर के हाईवे पर एटीएमएस स्थापित की जा रही है। एक्सप्रेस-वे में इस प्रणाली का प्रावधान पहले से ही है।
विज्ञापन


हादसों की वजहों और ओवरस्पीडिंग पर लखनपुर नियंत्रण केंद्र से लगातार निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए हर पांच से छह किलोमीटर पर वीडियो इंसिडेंट डिटेक्शन एंड एनफोर्समेंट सिस्टम लगाया जाएगा। एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से लैस यह सिस्टम ऑटोमेटिक विश्लेषण कर सकेगा। एनएचएआई ने 2023 में अपनी नीति में संशोधन किया था जिसके तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई के लिए ऐसे एआई इंटीग्रेटेड सिस्टम लगाए जा रहे हैं।


यह सिस्टम यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों की रियल टाइम जानकारी तुरंत उपलब्ध कराएगा।

वाहनों की बेतहाशा रफ्तार पर रोक लगेगी और हाईवे सुरक्षित रहेगा।

हाईवे पर हादसे, पशुओं की मौजूदगी या वाहन खराब होने जैसी हर घटना पर हाईवे प्राधिकरण के कंट्रोल रूम से नजर रखी जाएगी।

यह प्रणाली हाईवे से गुजरने वाले वाहनों की संख्या और उनकी गति का भी पता लगाएगी।


यात्रियों के लिए सुविधा: पर्यटकों को प्रदेश में दाखिल होते ही मौसम, तापमान और यातायात की स्थिति का पता चल सके इसके लिए हाईवे पर जगह-जगह गैंट्री के सहारे डिस्प्ले प्लेट्स भी लगाई जाएंगी।
हाईवे पर मदद चाहिए तो डायल करें 1033

जम्मू से लखनपुर के बीच हाईवे पर 1033 कंट्रोल रूम सक्रिय है। हाईवे से गुजरने वाले कई लोग असुविधा में इसकी मदद भी ले रहे हैं। हाईवे पर हादसे के समय एंबुलेंस से लेकर कार खराब होने पर तकनीकी मदद भी 1033 पर टीम उपलब्ध करवा रही है। हाईवे प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि रोजाना कंट्रोल रूम को इस नंबर पर मदद के लिए कॉल आ रही हैं जिनका त्वरित समाधान भी किया जा रहा है।
विज्ञापन

जम्मू से लखनपुर नेशनल हाईवे पर एटीएमएस लगाया जा रहा है। इससे यातायात प्रबंधन और भी बेहतर होगा। - राजीव कुमार, परियोजना निदेशक एनएचएआई
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें