बिलावर के नाज खेल मैदान में क्रिकेट मुकाबले में भाग लेने वाले प्रतिभागी। संवाद
- अशरफ ने सर्वाधिक 35 रन बनाए, मैन ऑफ द मैच रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलावर। कस्बे के नाज खेल मैदान में रविवार को बिलावर प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू हो गई। इसका शुभारंभ जिला स्तरीय पूर्व क्रिकेटर भूपेंद्र सिंह बलौरिया ने किया। प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में मलिक क्रिकेट क्लब फिंतर ने राइजिंग स्टार देवल की टीम को तीन विकेट से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
इससे पहले, मलिक क्लब ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया और प्रतिद्वंदी टीम को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। निर्धारित 12 ओवर के मैच में देवल की टीम ने आठ विकेट गंवाकर 84 रन बनाए। बल्लेबाज नितिन ने सर्वाधिक 25 रनों का योगदान दिया, वहीं मलिक क्लब के गेंदबाज सचिन ने तीन विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मलिक क्लब की टीम ने अच्छी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए निर्धारित लक्ष्य को 12वें ओवर में सात विकेट गंवाकर पूरा कर लिया।
मलिक क्लब के बल्लेबाज अशरफ ने सर्वाधिक 35 रन बनाए। उसे मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया आयोजकों की ओर से अशरफ को पदक पहनाकर सम्मानित किया गया। आयोजक विभु शर्मा, कृष कुमार और हृदयदीप गौर ने बताया कि भारी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मैच देखने पहुंचे थे।