संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने तीन लोगों की हत्या की घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्रोफाइल के माध्यम से अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा, ''इस दुखद समय में, मैं पीड़ित परिवारों और उनके दोस्तों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।''
उपराज्यपाल ने इस मामले में त्वरित और पारदर्शी जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने यह आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद प्रदान की जाएगी। उपराज्यपाल ने जनता को विश्वास दिलाते हुए कहा, ''दोषियों को जल्द से जल्द कानून के कठघरे में लाया जाएगा। न्याय सुनिश्चित किया जाएगा और जिम्मेदारी तय की जाएगी।'' दरअसल, जिले के दूरदराज लोहाई मल्हार में बरात में शामिल तीन लोगों की निर्मम हत्या ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक घटना ने न केवल स्थानीय समुदाय को गहरे शोक में डाल दिया है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।