- वरिष्ठ लेक्चरर धर्मपाल अंगराल ने छात्रों को दिए अमूल्य सुझाव
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। आगामी 11 मार्च को ग्यारहवीं कक्षा (सॉफ्ट जोन) और 13 मार्च को बारहवीं कक्षा (सॉफ्ट जोन) जबकि 18 मार्च को बारहवीं कक्षा (हार्ड जोन) की परीक्षा जम्मू-कश्मीर शिक्षा बोर्ड की ओर से ली जाएगी। राजकीय हायर सेकेंडरी स्कूल हीरानगर में हिंदी विषय के वरिष्ठ लेक्चरर धर्मपाल अंगराल परीक्षा में अच्छे अंक लेने के लिए छात्रों को अमूल्य सुझाव दिए हैं।
उन्होंने बताया कि हिंदी महत्वपूर्ण विषय है। छात्रों के लिए भी इसमें अपना भविष्य संवारने का सुनहरा अवसर है। हिंदी के अंक आपके कुल अंकों को बढ़ाने में बहुत योगदान दे सकते हैं। 25 सालों से हिंदी विषय पढ़ाने का अनुभव रखने वाले अंगराल का जम्मू-कश्मीर शिक्षा बोर्ड द्वारा प्रकाशित ग्यारहवीं व बारहवीं कक्षा की पुस्तक अनुगूंज व अनुराग में भी इनका सराहनीय योगदान रहा है।
ग्यारहवीं व बारहवीं के हिंदी विषय का प्रश्न पत्र हल करने के लिए प्रमुख बिंदू
1. सभी विद्यार्थी समय पर परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के लिए अपने आप को तैयार करें।
2. परीक्षा से पूर्व किसी भी प्रकार के तनाव को अपने ऊपर हावी न होने दें।
3. खानपान का विशेष ध्यान रखें, परीक्षा शुरू होने से पहले मन को शांत रखें।
4. मात्र नीले पेन का उपयोग करें। अपनी पेंसिल व स्केल भी अवश्य साथ रखें।
5. परीक्षा से पूर्व उत्तर पुस्तिका मिलने पर सर्वप्रथम उसमें मांगी गई जानकारियों को सावधानी से भरें।
6. प्रश्न पत्र मिलने पर सर्वप्रथम निर्धारित स्थान पर अपना क्रमांक लिखें।
7. हिंदी में लेखन का बहुत महत्व होता है, इसलिए शुद्ध व स्पष्ट लिखने का प्रयत्न करें।
8. सभी उत्तर क्रमवार लिखने का प्रयत्न करें ।
9. एक प्रश्न के सभी भागों को एक ही स्थान व क्रमांक अनुसार लिखने का प्रयत्न करें।
10. मात्र प्रश्न संख्या व उसके उप-भाग ही लिखें। संपूर्ण प्रश्न उत्तर पुस्तिका में लिखने की कोई आवश्यकता नहीं होती है। इससे मात्र समय नष्ट होता है।
11. इस वर्ष हिंदी पाठ्यक्रम में बहुत बदलाव हुए हैं। उसमें से बहुत सारे पाठ जैसे ग्यारहवीं कक्षा से हटाकर नए पाठ जुड़ गए हैं। इसी प्रकार बारहवीं कक्षा के पाठ्यक्रम से उपन्यास हटाकर उसके स्थान पर निबंध व संस्मरण जोड़ दिए गए हैं। पाठ्यक्रम को ध्यानपूर्वक पढ़ें।
12. हिंदी का प्रश्न-पत्र बहुत लंबा होता है, इसलिए समय का पूरा ध्यान रखें। संभव हो सके तो साधारण घड़ी पहन कर जाएं। सभी प्रश्नों को हल करने का प्रयास करें।
13. अपठित गद्यांश को दो तीन बार गंभीरता से पढ़ें।
14. व्याकरण भाग को समझ कर हल करें। स्मरण रहे व्याकरण के गणितीय अंक होते हैं। इसलिए साधारण चूक से संपूर्ण अंक कट सकता है।