- एक करोड़ की लागत से डॉक्टर आवासीय सुविधा सहित तैयार होगा पशु चिकित्सालय
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। लंबे समय से भूमि का चयन न होने से जखबड़ गांव में रुके पड़े पशु चिकित्सालय का निर्माण कार्य का रास्ता साफ हो गया है। पशु चिकित्सा विभाग की ओर से भाग्य चक सड़क पर भूमि का चयन कर लिया गया है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर रहा है।
सूत्रों की मानें तो एक करोड़ की लागत से बनने वाले पशु चिकित्सालय में नियुक्त डॉक्टर के रहने के लिए आवासीय सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अलावा नई इमारत में एक डिस्पेंसरी सहित ऑपरेशन थियेटर और पशु चिकित्सा से संबंधित अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। विस्तृत परियोजना रिपोर्ट के मुताबिक निचली इमारत में पशु चिकित्सालय बनेगा, जबकि ऊपरी इमारत में पशु चिकित्सा से जुड़े स्टाफ के लिए आवासीय सुविधा होगी। जखबड़ गांव में पशु चिकित्सा बनाने का निर्णय सरकार की ओर पांच साल पहले लिया गया था। जिसके लिए सरकार ने 45 लाख की राशि भी उपलब्ध करवाई थी। लेकिन भूमि चयनित न होने के चलते दो बार निर्धारित फंड लैप्स हो चुके हैं।
दर्जनों गांवों के पशुपालकों को मिलेगी सुविधा
जखबड़ में हाईटेक पशु चिकित्सालय बनने से एक दर्जन से ज्यादा गांवों पटियारी, विगवां, जखबड़, मुठ्ठी, भागे चक, निहालपुर, चन्नग्रां आदि के पशुपालकों को पशुओं के उपचार की सुविधा मिल पाएगी। अभी पशुपालकों को पशुओं के इलाज के लिए या तो कठुआ शहर में या फिर नगरी स्थित बने अस्पताल में जाना पड़ता है। हालांकि जखबड़ और पटियारी गांव में चिकित्सा डिस्पेंसरी हैं लेकिन यह दोनों किराये की दुकानों में बिना डाॅक्टरों के चल रही हैं। स्थानीय लोगों की लंबे समय से मांग थी उनके इलाके में पशु चिकित्सालय बनाया जाए। -
लंबे समय से भूमि उपलब्ध न होने से जखबड़ में बनने वाले पशु चिकित्सालय का निर्माण नहीं हो पाया था। अब भूमि का चयन हो गया है। एक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) लोक निर्माण विभाग की ओर से तैयार की जा रही है। एक सप्ताह के भीतर डीपीआर पशु चिकित्सा विभाग को मिल जाएगी। जिसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कर जल्द निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।
-डॉ. जुगल किशोर, जिला मुख्य पशुपालन अधिकारी